
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश के जिला और सिविल अस्पतालों में आंखों की जांच और ऑपरेशन की व्यवस्था को निजी अस्पतालों की तर्ज पर हाईटेक बनाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। अब तक जिन आधुनिक मशीनों से इलाज सिर्फ बड़े और महंगे प्राइवेट अस्पतालों में ही मुमकिन था, वे अब सरकारी अस्पतालों में भी सुलभ होंगी। सरकार के इस कदम से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ा फायदा होगा और मरीजों को आंखों के बड़े आपरेशनों व पर्दे (रेटिना) की जांच के लिए भारी-भरकम फीस देकर निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष रूप से शुगर (डायबिटीज) के मरीजों की आंखों की सुरक्षा के लिए 51 खास फंडस कैमरे लाए जा रहे हैं। डायबिटीज के मरीजों में आंख का पर्दा खराब होने और रोशनी जाने का खतरा सबसे ज्यादा रहता है, जिसे रोकने में ये कैमरे मददगार साबित होंगे। ये कैमरे पूरी तरह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की तकनीक से चलेंगे। इसके जरिए दूर-दराज के गांवों या छोटे शहरों के मरीज की आंख का फोटो खींचकर, इंटरनेट के माध्यम से राजधानी के बड़े डाक्टरों को भेजा जा सकेगा। इससे बड़े डाक्टर दूर बैठे ही यह बता देंगे कि मरीज की आंख में क्या खराबी है।
इसके साथ ही सरकारी अस्पतालों में मोतियाबिंद और आंखों के दूसरे पेचीदा आपरेशनों के लिए अत्याधुनिक माइक्रोस्कोप मशीनें आ रही हैं। इन मशीनों में बेहद साफ दिखने वाले खास लेंस लगे हैं, जिससे डाक्टर बारीक से बारीक नस को साफ देख सकेंगे। डाक्टर इन्हें पैर से चलने वाले रिमोट (फुट स्विच) से आसानी से संभाल सकेंगे। सबसे बड़ी खासियत यह है कि इन मशीनों में एक घंटे का पावर बैकअप रहेगा, जिससे अगर आपरेशन के दौरान अचानक बिजली गुल भी हो जाए, तो भी मरीजों का आपरेशन बीच में नहीं रुकेगा।
यह भी पढ़ें- रतलाम स्पा सेंटर में मानव तस्करी, राजस्थान से एमपी आती थी थाईलैंड की लड़कियां, वाट्सएप ग्रुप से खुला राज
प्रदेश में आंखों के इलाज और आपरेशनों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की मशीनें खरीदी जा रही हैं। 51 फंडस कैमरों में एआई तकनीक होने से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी घर बैठे बड़े विशेषज्ञों की सलाह मिल सकेगी। इन हाईटेक उपकरणों को जल्द ही अस्पतालों में स्थापित किया जाएगा। - मयंक अग्रवाल, एमडी, एमपी पब्लिक हेल्थ सर्विसेज कार्पोरेशन।