
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। सात दिसंबर से प्रारंभ होने जा रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए द्वितीय अनुपूरक बजट प्रस्तुत करेगी। यह दस हजार करोड़ रुपये से अधिक का हो सकता है। इसमें अधोसंरचना निर्माण के कार्यों के लिए निर्माण विभागों को अतिरिक्त राशि देने का प्रविधान किया जा सकता है।
वहीं, प्रदेश में दुग्ध सहकारी समितियों का विस्तार करने के लिए अब 10 सदस्य होने पर समिति का गठन हो जाएगा। इसके लिए सहकारी अधिनियम में संशोधन प्रस्तावित किया गया है, जिसे सोमवार को कैबिनेट की स्वीकृति से विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट की बैठक में 15 प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। इसमें वर्ष 2031 तक निरंतर रखी जाने वाली योजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति दी जाएगी। वहीं, अनुपूरक बजट के प्रस्तावों पर विचार कर अंतिम रूप दिया जाएगा।
दुग्ध सहकारी समितियों के गठन के लिए कम से कम 21 सदस्य होना अभी अनिवार्य है। चूंकि, प्रदेश में सहकारिता के माध्यम से दुग्ध उत्पादन, संग्रहण और विपणन के काम का विस्तार किया जा रहा है इसलिए तय किया गया है कि 10 सदस्य होने पर भी समिति गठित की जा सकेगी।
यह भी पढ़ें- MP Weather: मध्य प्रदेश में शीतलहर का अलर्ट जारी, बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, अभी और गिरेगा पारा