राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में अब बिल्डर, कालोनाइजर से वसूली जाने वाली आश्रय निधि से ग्राम पंचायतें आवास, हॉस्टल, सामुदायिक भवन बनाएंगी और उन्हें किराए पर दिया जाएगा। इनका निर्माण औद्योगिक, शहरी या अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों से सटी ग्राम पंचायतों में प्राथमिकता से होगा।
इसका किराया कलेक्टर द्वारा तय किया जाएगा। इनका रखरखाव भी पंचायतें ही करेंगी।
पंचायतों की आय बढ़ेगी
इससे पंचायतें अपनी आय तो बढ़ाएंगी ही, साथ ही शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध कॉलोनी न बने, यह भी सुनिश्चित करेंगी। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर जैसे बड़े शहरों के जिला पंचायतों के खातों में आश्रय निधि की करोड़ों रुपये की राशि जमा है।
जिला पंचायतों के इन एकल खातों में जमा आश्रय शुल्क से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), निम्न आय समूह (एलआईजी), कामकाजी महिलाओं और औद्योगिक प्रवासी श्रमिकों के लिए संस्थागत आवासीय व सामुदायिक भवन (जैसे हॉस्टल, सामुदायिक भवन, आजीविका परिसर सह-प्रशिक्षण केंद्र) बनाए जाएंगे।
ग्राम पंचायत नियम 2014 के तहत होगी वसूली
मप्र पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने मध्य प्रदेश ग्राम पंचायत (कॉलोनियों का विकास) नियम 2014 के तहत वसूली जाने वाली आश्रय निधि और अन्य शुल्कों के उपयोग को लेकर नए और विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इधर, कॉलोनी के रजिस्ट्रीकरण या नवीनीकरण से प्राप्त होने वाला शुल्क सीधे तौर पर जिला पंचायतों की स्वयं की आय मानी जाएगी, जिसका उपयोग वह अपने विवेक अनुसार कर सकेगी।
प्रत्येक शुल्क के उपयोग में पारदर्शिता, लेखा संधारण और ऑडिट अनिवार्य होगा। सभी अभिलेखों का प्रतिवर्ष दृष्टि पोर्टल, स्थानीय निधि संपरीक्षा और महालेखाकार (एजी) द्वारा ऑडिट किया जाएगा।
विकास कार्यों पर खर्च होगी राशि
अतिरिक्त आश्रय एवं विकास अनुज्ञा शुल्क से जुटी राशि का उपयोग संबंधित कॉलोनी की बाहरी सड़कों, नल-जल योजना के विस्तार/ संधारण, जल-निकास, सीवेज और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर किया जाएगा। वहां इनकी आवश्यकता नहीं तो ग्राम पंचायत अपने क्षेत्र के मुहल्लों का विकास कर सकेगी।
प्राप्त कुल शुल्क की 50 प्रतिशत राशि जिला पंचायत चालू वर्ष के प्रशासकीय कार्यों पर खर्च कर सकेगी। शेष 50 प्रतिशत राशि कालोनी के पर्यवेक्षण कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों और इंजीनियरों को चरणबद्ध कार्य के आधार पर मानदेय के रूप में दी जा सकेगी।
पंचायतें तय कर सकेंगी निर्माण एजेंसी
आवासीय भवनों के निर्माण के लिए हाउसिंग बोर्ड, विकास प्राधिकरण, ग्राम पंचायतें स्वयं, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) या अन्य अधिकृत राज्य एजेंसियों का चयन किया जा सकेगा। ग्राम पंचायतें कार्ययोजना बनाकर जिला पंचायत सीईओ को भेजेंगी।
कार्यों की अनुशंसा और निगरानी के लिए जिला पंचायत सीईओ की अध्यक्षता में सात सदस्यीय समिति बनाई गई है। समिति की अनुशंसा पर जिला पंचायत की सामान्य प्रशासन समिति प्रशासकीय स्वीकृति देगी और सीईओ आदेश जारी करेंगे।
जिलों में करोड़ों रुपये का आश्रय शुल्क जमा है। इस राशि से अब ग्राम पंचायतें आवास, हॉस्टल, सामुदायिक भवन बनाकर किराए पर दे सकेंगी, इससे उनकी आय भी बढ़ेगी, इसको लेकर सभी जिलों को निर्देश जारी किए हैं।-छोटे सिंह, संचालक, मप्र पंचायती राज संचालनालय