
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रयास किए जाने संबंधी प्रयासों के बीच मध्य प्रदेश के नगरीय निकायों और पंचायतों में महिला जनप्रतिनिधियों की संख्या उत्साह बढ़ाने वाली है।
मध्य प्रदेश में भले ही विधानसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व कम हो, लेकिन नगरीय निकायों और पंचायतों में उनका प्रतिनिधित्व आरक्षण की सीमा 50 प्रतिशत से अधिक है। मध्य प्रदेश में स्थानीय निकायों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
वर्ष 2022 के पंचायत चुनाव में 52.84 प्रतिशत महिलाएं निर्वाचित हुई थीं। सरपंच पद पर 11,683, पंच के रूप में 1,93,284, जनपद अध्यक्ष 179, सदस्य 3,425, जिला पंचायत अध्यक्ष 26 और जिला पंचायत सदस्य 444 महिलाएं चुनी गई थीं।
इसी तरह नगरीय निकायों में देखें तो 16 नगर निगमों में आठ में महिला महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष 50 और नगर परिषद अध्यक्ष 149 महिलाएं चुनी गई थीं। महिला पार्षदों की संख्या 7,680 रही। कुल मिलाकर देखा जाए तो नारी सशक्तीकरण की दिशा में उठाया गया महिला आरक्षण का यह कदम कारगर रहा है।
हालांकि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में स्थिति ऐसी नहीं है। मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में महिला सदस्यों की संख्या 27 है, जो 11.7 प्रतिशत होता है। इसमें भाजपा की 21 और कांग्रेस की छह सदस्य हैं।
टिकट देने के मामले में भी दोनों राजनीतिक दल 15 प्रतिशत के औसत से आगे अभी नहीं बढ़ पाए हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 28 तो कांग्रेस ने 30 महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया था। राज्यसभा की बात करें तो 11 में से तीन और लोकसभा की 29 में से छह सदस्य महिला हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी में बदलेंगे कमजोर प्रदर्शन वाले ODOP उत्पाद, हर तीन साल में होगी समीक्षा, पीएम एकता माल से जुड़ेंगे
समाजशास्त्री शशांक शेखर का कहना है कि महिला आरक्षण को केवल आरक्षण के नजरिये से नहीं देखना चाहिए। यह घर-परिवार और उनकी समाज में भूमिका से जुड़ा है। इस व्यवस्था से महिलाओं की निर्णय निर्माण में भूमिका बढ़ती है। इसका लाभ हर क्षेत्र में होता है।