भोपाल न्यूमार्केट में एक्सीडेंट के बाद लहराई बंदूक, विरोध किया तो धमकाया; वीडियो वायरल
न्यू मार्केट सिग्नल के पास तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। विरोध करने पर कार चालक ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर उसे धमकाया।
Publish Date: Sat, 31 Oct 2026 08:50:13 AM (IST)Updated Date: Sat, 31 Oct 2026 08:50:13 AM (IST)
एक्सीडेंट के कार चालक ने बाइक सवार युवक को पिस्टल निकालकर धमकाया। वीडियोग्रेब।HighLights
- बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद हुआ विवाद
- कार चालक ने पिस्टल निकालकर युवक को धमकाया
- घटना का वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के सबसे व्यस्त न्यू मार्केट सिग्नल पर रसूख और दबंगई का एक मामला सामने आया है। एक तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए आगे चल रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो आरोपित ने अपनी दबंगई दिखाते हुए बीच सड़क पर पिस्टल निकाल ली और राहगीरों के सामने ही जान से मारने की धमकी देने लगा।
इस पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने वीडियो पर संज्ञान खुद संज्ञान लेकर कार चालक पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
एक्सीडेंट के बाद दबंगई
टीटीनगर थाना पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 अक्टूबर 2026 की शाम करीब साढ़े 7 बजे की है। न्यू मार्केट सिग्नल के पास एक बाइक सवार अपने रास्ते जा रहा था, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उसमें टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद जब विवाद बढ़ा, तो कार चालक गाड़ी से नीचे उतरा और अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय उलटे बाइक सवार पर रौब झाड़ने लगा। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपित ने कमर से पिस्टल निकाली और सरेआम हथियार लहराते हुए युवक को धमकाने लगा।
आम लोगों में फैला भय, पुलिस ने दर्ज किया मामला
न्यू मार्केट जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक और व्यस्त मार्ग पर हुई इस गुंडागर्दी से वहां मौजूद राहगीरों में भारी दहशत फैल गई। खुलेआम इस तरह हथियार लहराने की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए टीटी नगर थाने ने कार्रवाई करते हुए आरोपित कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
बढ़ता नया कल्चर
शहर में लगातार सामने आ रही हथियार लहराने नया कल्चर तेजी से पैर पसार रहा है, इससे पहले कभी भोपाल में इस तरह की घटनाएं आम नहीं थीं, लेकिन अब यह प्रवृत्ति चिंताजनक रूप ले चुकी है।
कुछ समय पहले पिपलानी इलाके में भी कुछ युवकों द्वारा एक क्राइम ब्रांच के सिपाही पर पिस्टल तानने की घटना सामने आ चुकी है।
पुलिस अब ऐसे रसूखदार और दबंग किस्म के तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त अभियान चलाने की तैयारी कर रही है।