Haj Yatra 2020 : हज यात्रा निरस्त, फीस वापसी के लिए मांगे आवेदन
Haj Yatra 2020 : कोरोना वायरस का असर। मप्र राज्य हज कमेटी ने की यात्रा रद होने की पुष्टि। ...और पढ़ें
By Hemant Kumar UpadhyayEdited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Wed, 10 Jun 2020 08:28:58 PM (IST)Updated Date: Thu, 11 Jun 2020 05:37:44 AM (IST)

Haj Yatra 2020 : भोपाल (नईदुनिया प्रतिनिधि)। कोरोना संकट के चलते हज कमेटी ऑफ इंडिया ने बुधवार को वर्ष 2020 की हज यात्रा निरस्त कर दी। यात्रा को लेकर पिछले तीन माह से संशय बना हुआ था। हज यात्रा निरस्त होने की पुष्टि मध्य प्रदेश की राज्य हज कमेटी ने की है। हज यात्रा के लिए उड़ान इसी माह 20 जून से शुरू होनी थी।
हज यात्रा निरस्त होने से मध्य प्रदेश के 5 हजार और देश के एक लाख 5 हजार यात्रियों को निराशा हाथ लगी है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने राज्यों की हज कमेटी को भेजे निर्देश में कहा है कि वर्ष 2020 की हज यात्रा का प्रबंधन किया जाना संभव नहीं है, इसलिए यात्रा रद कर दी गई है। मध्य प्रदेश की राज्य हज कमेटी के सचिव दाऊद अहमद खान के अनुसार, हज आवेदनकर्ता हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर फीस वापसी का आवेदन करें, ताकि जमा की गई फीस लौटाई जा सके।
दो किस्तें हो चुकी थीं जमा
हज यात्रा के लिए प्रत्येक यात्री से दो किस्तें मध्य प्रदेश राज्य हज कमेटी ने जमा करवाई थीं। दोनों किस्तों में दो लाख एक हजार रुपये जमा कराए गए हैं। इसमें पहली किस्त 81 हजार रुपये और दूसरी किस्त एक लाख 20 हजार रुपये प्रति यात्री जमा हो गए थे। इसके अलावा तात्कालिक रूप से होने वाले खर्च की राशि अभी जमा होना शेष थी। इसी बीच मार्च में पूरे विश्व में कोरोना वायरस का संक्रमण फैल गया। संक्रमण फैलते ही मार्च से ही हज यात्रा पर संकट मंडरा रहा था। आखिरकार 10 जून को यात्रा निरस्त होने के आदेश जारी हो गए।
25 लाख से अधिक यात्री जाते हैं हज
जानकारी के अनुसार, हर वर्ष सऊदी अरब सरकार मक्का-मदीना में 25 लाख हज यात्रियों के लिए व्यवस्थाएं करती है। हज यात्री पूरी दुनिया से पहुंचते हैं। इतनी संख्या में यात्रियों के मक्का-मदीना पहुंचने से कोरोना का संक्रमण फैलने की आशंका थी, इसलिए सऊदी अरब सरकार ने इस वर्ष की यात्रा को निरस्त करने का निर्णय लिया है। इसकी जानकारी हज कमेटी ऑफ इंडिया को दी गई है।
इतने यात्री जाते हैं हज यात्रा पर
01 लाख 5 हजार यात्री देशभर से
05 हजार यात्री मध्य प्रदेश से
25 लाख यात्री दुनिया भर से
02 लाख एक हजार रुपये प्रति यात्री फीस (तात्कालिक खर्च अलग)