
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हमीदिया अस्पताल परिसर से चोरी हुई एक नर्सिंग ऑफिसर की स्कूटी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। चोरी की स्कूटी का सुराग पुलिस के बजाए यातायात विभाग के ई-चालान से मिला, जिसमें एक महिला खाकी यूनिफॉर्म में स्कूटी चलाती हुई कैद हुई है। पीड़िता की शिकायत पर कोहेफिजा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एयरपोर्ट रोड स्थित इंद्र विहार कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय नीलू साहू हमीदिया अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर हैं। गत 22 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे वह अपनी स्कूटी से ड्यूटी पर अस्पताल पहुंची थीं। स्कूटी पार्क कर जब वह ऑफिस में हस्ताक्षर करके लगभग 8:30 बजे वापस लौटीं, तो गाड़ी गायब थी।
स्कूटी में लगे बैग में एक आईफोन, पैन कार्ड, एसबीआई एटीएम कार्ड और कार की चाबी रखी हुई थी। काफी तलाश के बाद पीड़िता ने कोहेफिजा थाने में अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया।
अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सफेद शर्ट पहने एक संदेही स्कूटी ले जाता हुआ दिखाई दिया था। पुलिस और पीड़िता अभी वाहन की तलाश कर ही रहे थे कि घटना के 10 दिन बाद पीड़िता के मोबाइल पर यातायात उल्लंघन का एक ई-चालान आया।
चालान 2 सितंबर की दोपहर 12:22 बजे रोशनपुरा चौराहे का था। चालान के साथ संलग्न तस्वीर में एक महिला खाकी यूनिफॉर्म में वही चोरी की स्कूटी चलाती हुई दिखाई दी। इस खुलासे के बाद यह सवाल खड़ा हो गया है कि चोरी की गाड़ी महिला के पास कैसे पहुंची।
मामले में कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर का कहना है, "सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान की कोशिश की जा रही है। पहचान और पूछताछ के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी। अभी तो चालान का मामला आया है, उसमें खाकी यूनिफॉर्म में महिला नजर आ रही है। मामले को जांच में ले लिया है।"
यह भी पढ़ें- भोपाल में बुधवार को बिजली संकट, 45 इलाकों में 3 से 6 घंटे गुल रहेगी बिजली, जानें अपने इलाके में पावर कट की टाइमिंग