
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में लगातार चढ़ते पारे और लू के प्रकोप को देखते हुए आपदा प्रबंध संस्थान भोपाल ने स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की है। संस्थान ने "गर्मी से सावधानी, स्वास्थ्य की सुरक्षा हमारी ज़िम्मेदारी" नारे के साथ लोगों से अत्यधिक गर्मी में सुरक्षित रहने को कहा है।
आपदा प्रबंध संस्थान द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार, लू से बचने के लिए दिनभर में पर्याप्त पानी पीना सबसे जरूरी है, भले ही प्यास न लगी हो। दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे के बीच सीधी धूप में बाहर निकलने से बचने, सूती व हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनने और बाहर जाते समय सिर को टोपी, गमछे या छाते से ढकने की सलाह दी गई है। खान-पान में हल्का व पौष्टिक भोजन लेने और शराब, चाय-कॉफ़ी व कार्बोनेटेड ड्रिंक्स जैसे कैफीन युक्त पदार्थों से दूरी बनाने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें- पुलवामा हमले के बाद फेसबुक पर लिखा था- पाकिस्तान जिंदाबाद, 7 साल बाद देश विरोधी पोस्ट करने वाले आरोपी को 2 साल की जेल
संस्थान ने चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यक्ति को तेज सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी, तेज पसीना आना या शरीर का तापमान 104 डिग्री फैरेनहाइट से अधिक होना जैसे लक्षण दिखें, तो इसे नजरअंदाज न करें। आपात स्थिति में मरीज को तुरंत छांव में ले जाएं, गीले कपड़े से शरीर पोंछें और धीरे-धीरे ओआरएस या ठंडा पानी पिलाएं। हालत में सुधार न होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।