
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। पुलवामा में 14 फरवरी 2019 को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलवामा (जम्मू-कश्मीर) में सीआरपीएफ के काफिले पर हमले के बाद शाजापुर निवासी मोहसीन लाला ने फेसबुक पर पाकिस्तान जिंदाबाद लिखने के साथ ही बहनों के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। मामले में हिंदू संगठन से जुड़े रोहित राठौर की शिकायत पर केस दर्ज कर मोहसीन को गिरफ्तार किया गया था। प्रकरण में न्यायालय ने आरोपित मोहसीन को दो वर्ष कारावास और अर्थदंड की सजा दी है।
जिला मीडिया सेल प्रभारी प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया कि फरियादी रोहित राठौर ने 16 फरवरी 2019 को थाना कोतवाली शाजापुर में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि 'मोहसिन लाला' नाम की फेसबुक आईडी से 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे के साथ अश्लील शब्दावली का प्रयोग करते हुए एक पोस्ट डाली थी।
पोस्ट से राष्ट्रीय भावनाएं आहत होने की बात कही और कार्रवाई की मांग की गई। न्यायालय में अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत किए गए साक्ष्यों और तर्कों के आधार पर आरोपित को दोषी पाया गया। मामले में शासन की ओर से पैरवी प्रतीक श्रीवास्तव और तुलसी मानकर ने की।
मोहसीन द्वारा की गई पोस्ट से लोगों में आक्रोश फैल गया था। अभिभाषकों ने आरोपित ओर से पैरवी करने से इनकार कर दिया। स्थिति यह बनी की आरोपित की तरह से वकील खड़ा नहीं हुआ था। दरअसल हिंदू संगठन और गौरक्षा टीम ने मामले में अभिभाषक संघ को ज्ञापन देकर आरोपित की पैरवी नहीं करने का आग्रह किया था। इस पर संघ ने भी पैरवी नहीं करने की घोषणा की थी। इसके आरोपित के कृत्य के खिलाफ रैली निकालकर आजाद चौक में विरोध प्रदर्शन भी हुआ था।
यह भी पढ़ें- MP में 5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षा का बदला शेड्यूल, अब 16 जून से शुरू होंगे पेपर, गर्मी के चलते तारीखों में बदलाव
आरोपित द्वारा देश विरोधी कमेंट किए जाने के मामले में प्रदेश की प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों ने भी संज्ञान लिया था। बाहर की सुरक्षा एजेंसी की टीम ने भी शाजापुर कोतवाली थाना पहुंच कर आरोपित से पूछताछ की थी। इस दौरान आरोपित ने कुछ संगठनों के नाम भी बताए थे, जिनसे वह परिचित था।