
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश के ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और अधिक प्रभावी और त्वरित बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग अब मोबिलिटी सपोर्ट वाहनों की व्यवस्था शुरू कर रहा है। इन वाहनों का मुख्य उद्देश्य विभाग के अधिकारियों, डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मियों को फील्ड ड्यूटी के दौरान सुगम और समयबद्ध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। ये मोबिलिटी सपोर्ट वाहन विभाग के लिए गतिशीलता सहायता का काम करेंगे।
इनका सबसे बड़ा लाभ क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान मिलेगा। अक्सर देखा गया है कि वाहन की अनुपलब्धता के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में औचक निरीक्षण या टीकाकरण अभियान प्रभावित होते हैं। अब विशेष टीकाकरण अभियान, स्वास्थ्य शिविरों और दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण के लिए स्टाफ को सरकारी वाहनों की प्रतीक्षा नहीं करनी होगी। इससे जमीनी स्तर पर चल रही स्वास्थ्य योजनाओं की निगरानी और भी बेहतर हो सकेगी।
इन वाहनों का उपयोग केवल कर्मियों के आने-जाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इन्हें जीवन रक्षक दवाओं और वैक्सीन के परिवहन के लिए भी तैनात किया जाएगा। आपातकालीन स्थिति में वैक्सीन की छोटी खेप या जरूरी दवाइयां एक केंद्र से दूसरे केंद्र तक बिना किसी देरी के पहुंचाई जा सकेंगी।
यह भी पढ़ें- गूगल पर डॉक्टर का नंबर खोजना पड़ा भारी, खाते से निकल गए 1.18 लाख रुपये, रिटायर्ड टीचर के साथ हुई ठगी
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए बेहतर मॉनिटरिंग जरूरी है। मोबिलिटी स्पोर्ट वाहनों के आने से हमारा स्टाफ और डाक्टर अब बिना किसी बाधा के फील्ड ड्यूटी कर सकेंगे। इससे न केवल टीकाकरण अभियानों में तेजी आएगी, बल्कि दवाओं की उपलब्धता भी समय पर सुनिश्चित की जा सकेगी। - डॉ. नीरा चौधरी, क्षेत्रीय संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं