सुप्रीम कोर्ट में आज भोपाल की सीलिंग कार्रवाई की सुनवाई, 639 संपत्तियां पर कार्रवाई का दावा
भोपाल के रहवासी क्षेत्रों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों और नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई पर सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई होगी। इससे पहले निगम ने 10 पेज का हलफनामा पेश कर कार्रवाई का ब्योरा दिया है।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 08:23:32 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 08:40:04 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- रहवासी क्षेत्रों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों का मामला
- निगम की सीलिंग कार्रवाई पर सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई
- तीन चरणों में 639 संपत्तियां सील करने का दावा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रहवासी क्षेत्रों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर सोमवार को सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई होगी। इससे पहले नगर निगम ने शुक्रवार को 10 पेज का हलफनामा न्यायालय में पेश कर दिया है, जिसमें अब तक की कार्रवाई का ब्योरा दिया गया है।
निगम ने तीन चरणों में 9,992 नोटिस जारी करने और 639 संपत्तियां सील करने का दावा किया गया है। साथ ही भवन अनुज्ञा शाखा से स्वीकृत अनुमति के विपरीत किए गए निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई भी बताई गई है।
16 नवंबर से शुरू हुई कार्रवाई
हालांकि, निगम के दावों के बीच अरेरा कॉलोनी और रोहित नगर में कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।निगम के अनुसार, सीलिंग अभियान के पहले चरण में 101 और दूसरे चरण में 190 संपत्तियां सील की गईं। तीसरे चरण की कार्रवाई 16 नवंबर से शुरू हुई। संबंधित प्रतिष्ठानों को 24 घंटे का नोटिस देने के बाद 18 नवंबर से सीलिंग शुरू की गई। इस चरण में 348 संपत्तियां सील करने का दावा है। इस तरह तीनों चरणों में कुल 639 संपत्तियों पर ताले लगाए गए।
अरेरा और रोहित नगर में कार्रवाई पर सवाल
अरेरा कॉलोनी के नंबर-10 मार्केट के पास 19 नवंबर को निर्माणाधीन शोरूम पर निगम का अमला जेसीबी लेकर पहुंचा, लेकिन कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। ई-चार क्षेत्र में प्रस्तावित कार्रवाई भी टाल दी गई। रोहित नगर में भी कार्रवाई को लेकर याचिकाकर्ता विवेक त्रिपाठी और रहवासियों ने सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कुछ प्रतिष्ठान दिन में बंद या सील रहते हैं, लेकिन शाम होते ही दोबारा खुल जाते हैं।
ईओडब्ल्यू तक पहुंची दोबारा संचालन की शिकायत
सील किए गए प्रतिष्ठानों के दोबारा खुलने का मामला आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) तक पहुंच गया है। जन समस्या समाधान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ गुप्ता ने 170 से अधिक सील प्रतिष्ठानों के फिर से संचालित होने की शिकायत कर जांच की मांग की है।
शिकायत में तीन प्रभारी नगर निवेशकों की भूमिका, भवन अनुज्ञा शाखा के फैसलों और कथित लेनदेन की जांच कराने का आग्रह किया गया है। पिछले 10 वर्षों में स्वीकृत भवन मानचित्रों और मौके पर हुए निर्माण का मिलान कराने की मांग भी की गई है।