
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अवैध प्लाटिंग और बिना अनुमति विकसित की जा रही कालोनियों के खिलाफ नगर निगम ने शुक्रवार को सख्त रुख अपनाते हुए जोन-17 के अंतर्गत ग्राम लांबाखेड़ा में बड़ी कार्रवाई की। यहां खसरा नंबर 3/1/1/1 की करीब दो एकड़ भूमि पर काटी जा रही अवैध कालोनी पर निगम का बुलडोजर चला।
कार्रवाई के दौरान निगम अमले ने बुलडोजर की मदद से कॉलोनी में बनाई गई सीसी रोड और अन्य अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। नरेला सिटी प्लानर अनिल कुमार साहनी ने बताया कि आगे भी यह मुहिम जारी रहेगी।
इधर, गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में आठ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील करने का दावा भी निगम ने किया है। हालांकि, 23 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई से पहले निगम की सीलिंग मुहिम सवालों के घेरे में है। निगम ने तीन चरणों में 9 हजार 992 नोटिस जारी कर 639 संपत्तियां सील करने का दावा किया है, लेकिन हकीकत में एक प्रतिशत प्रतिष्ठान भी भौतिक रूप से सील नहीं हो पाए हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल मंडल की ट्रेनों में 1,855 अतिरिक्त कोच भी नाकाफी, पांच प्रमुख रूटों पर लंबी वेटिंग से यात्री परेशान
आरोप है कि कई दुकानदारों ने पंचनामा बनने के बाद खुद ही अपने शटर गिरा लिए थे, जिन्हें निगम ने सील मान लिया। 22 सितंबर की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिए थे कि सुबह बंद हुए प्रतिष्ठान शाम तक दोबारा नहीं खुलने चाहिए। उपायुक्त भुवन गुप्ता का कहना है कि सभी कार्रवाइयां कोर्ट के निर्देशों के पालन में ही की जा रही हैं।