
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में गर्मी का प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह नौ बजे से ही चुभती धूप और लू के थपेड़े नागरिकों को बेहाल कर रहे हैं। हालात यह हैं कि पिछले कई दिनों से प्रदेश के सभी जिलों में दिन का पारा 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। हालांकि इसके बावजूद भोपाल समेत कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित नहीं की गई है, जिससे बच्चे परेशान हैं।
भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को छतरपुर जिले का खजुराहो प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रतलाम और नौगांव में भी पारा 43 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को छिंदवाड़ा में लू चली। जहां तापमान 40.8 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक रहा।
टीकमगढ़ में भी पारा सामान्य से चार डिग्री ऊपर दर्ज किया गया, यहां भी लू जैसे स्थिति रही। वहीं प्रदेश में नागरिकों को रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है, न्यूनतम तापमान 19 से 26 डिग्री के बीच रहने के कारण उमस और गर्मी बरकरार है।
मौसम केंद्र ने प्रदेश के 23 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इनमें ग्वालियर-चंबल संभाग के साथ-साथ उज्जैन, रतलाम, धार, रीवा और सतना जैसे जिले शामिल हैं।
भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि 27 और 28 अप्रैल को मौसम का मिजाज बदल सकता है । मौसम विज्ञानी ने बताया कि 27 अप्रैल को ग्वालियर, चंबल और जबलपुर संभाग के कुछ जिलों जैसे श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, अनूपपुर और बालाघाट में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि शेष प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और धूप का असर बना रहेगा।
यह भी पढ़ें- कर्जा चुकाने के लिए किया किडनैप, पति-पत्नी और भाई-बहन गिरफ्तार, इंदौर अपहरण कांड का खुलासा
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
| भोपाल | 41.6 | 26.0 |
| इंदौर | 41.2 | 23.6 |
| ग्वालियर | 42.1 | 23.2 |
| जबलपुर | 42.0 | 23.2 |
नोट -- तापमान डिग्री सेल्सियस में