
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। रविवार को दिनभर तेज धूप और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लेकिन मंगलवार (27 अक्टूबर) से प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी जिलों में वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन तेजी से आगे बढ़ रहा है। 26 अक्टूबर को यह गहरे अवदाब में तब्दील होकर पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा और 27 को भीषण चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा। इसके साथ ही उत्तरी राजस्थान पर चक्रवातीय हवाओं का घेरा और उत्तरी हरियाणा पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इन मानसूनी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 27 अक्टूबर को अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट में वर्षा हो सकती है। वहीं 28 अक्टूबर को मध्य और पूर्वी इलाकों के करीब 23 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज से मध्यम वर्षा, 29 और 30 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में बादल छाए रहने और कई जगह वर्षा की संभावना जताई है।
रविवार को 35.4 डिग्री सेल्सियस के साथ उज्जैन सबसे गर्म रहा। गुना में 35.3, नर्मदापुरम में 35.2, धार-ग्वालियर में 35.1 और इंदौर, सागर व छतरपुर जिले के खजुराहो में अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री दर्ज हुआ। भोपाल में दिन का पारा 34.0 डिग्री रहा। वहीं रात में छिंदवाड़ा 14.4 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में दिन का तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
यह भी पढ़ें- कौन है एमपी की शिवानी शर्मा? जिसकी 'मन की बात' में पीएम मोदी ने कहानी की साझा, दिया गया था गार्ड ऑफ ऑनर
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
| भोपाल | 34.0 | 16.4 |
| इंदौर | 35.0 | 14.6 |
| ग्वालियर | 35.1 | 20.0 |
| जबलपुर | 32.5 | 16.6 |
नोट -- तापमान डिग्री सेल्सियस में