
नईदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' में नर्मदापुरम जिले की शिवानी का भी जिक्र किया। इनके अंगदान से तीन अन्य लोगों को नया जीवन मिला था। आइआइटी मद्रास में ‘सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर’ के उद्घाटन को संदर्भित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मस्तिष्क पर उन्नत शोध में अंगदान की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
बता दें, बनखेड़ी के खापाखुर्द की 30 वर्षीय विलासा टांटी शर्मा (शिवानी) 10 अक्टूबर को सलकनपुर माता के दर्शन के लिए निकली थीं। रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गईं। 14 अक्टूबर को एम्स भोपाल में उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया।
"अंगदान" एक संवेदनशील निर्णय, कई जिंदगियों को नया जीवन... माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम की शिवानी जी के अंगदान के निर्णय का उल्लेख करते हुए उन्हें नमन किया। प्रधानमंत्री जी ने बताया कि कठिन समय में शिवानी जी के परिवार का यह संवेदनशील और साहसपूर्ण निर्णय मानवता के प्रति समर्पण की प्रेरक मिसाल है। अंगदान जरूरतमंदों को नया जीवन देने के साथ चिकित्सा विज्ञान और वैज्ञानिक अनुसंधान की प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। @PMOIndia @DrMohanYadav51 @mannkibaat #MannKiBaat #CMMadhyaPradesh
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) October 25, 2026
स्वजन ने अंगदान पर सहमति दी और 15 अक्टूबर को शिवानी की एक किडनी एम्स भोपाल में एक मरीज को प्रत्यारोपित की गई। दूसरी किडनी और लिवर भोपाल के बंसल अस्पताल में मरीजों को प्रत्यारोपित किए गए। 16 अक्टूबर को खापाखुर्द में शिवानी के अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस के दस्ते ने गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।