
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में सोमवार को मौसम भले ही शुष्क रहा और दिन में तीखी धूप खिली रही, लेकिन जल्द ही फिजा बदलने वाली है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवातीय तूफान अर्णव तेजी से आगे बढ़ रहा है।
27 अक्टूबर को इसके अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने और 28 अक्टूबर को आंध्र तट पार करने के आसार हैं। इसके साथ ही हरियाणा और राजस्थान पर बने सिस्टम व नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश में मौसम का मिजाज पलटेगा।
मौसम विज्ञानी बीएस यादव ने बताया कि तूफान अर्णव का असर मध्य प्रदेश में 28 अक्टूबर से दिखेगा, जब दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बादल छाएंगे। 29 अक्टूबर से आंधी-तूफान के साथ वर्षा होगी, इस तूफान का असर प्रदेश में 30 अक्टूबर तक रहेगा।
विभाग ने 27 अक्टूबर के लिए सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, सिवनी, मंडला और बालाघाट में 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 28 अक्टूबर को रीवा सहित 27 जिलों में मध्यम से भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
फिलहाल प्रदेश में दिन गर्म और रातें ठंडी बनी हुई हैं। सोमवार को 35.0 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ उज्जैन सबसे गर्म रहा, जबकि धार-खंडवा में 34.5 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं रात में नर्मदापुरम जिले का पचमढ़ी 13.0 डिग्री तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। बालाघाट जिले के मलांजखंड में 14.7 और बैतूल में पारा 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- भोपाल में शराब पीने से रोका तो भड़का पति... बनियान से घोंटा पत्नी का गला, हाथ पर काटकर बचाई जान