MP आरक्षक चालक भर्ती में कानूनी पेंच: ESB ने उम्र 18 साल तय की, पर भारी वाहन लाइसेंस की शर्त बनी रोड़ा; असमंजस में अभ्यर्थी
मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक चालक के एक हजार पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। 29 अक्टूबर अंतिम तारीख है, लेकिन भारी वाहन लाइसेंस की अनिवा...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 18 Oct 2026 08:37:06 AM (IST)Updated Date: Sun, 18 Oct 2026 08:37:06 AM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयार की गई है।HighLights
- मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक चालक के 1 हजार पदों पर भर्ती
- भारी वाहन लाइसेंस की अनिवार्यता के कारण कई अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं
- 18 से 20 वर्ष के युवाओं के सामने पात्रता का संकट खड़ा हो गया है
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक (चालक) के एक हजार पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन भर्ती के नियमों में भारी वाहन ड्राइविंग लाइसेंस की अनिवार्यता अभ्यर्थियों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने आवेदन की अंतिम तारीख 29 अक्टूबर तय की है, जबकि नियम पुस्तिका में न्यूनतम आयु 18 वर्ष रखी गई है।
दूसरी ओर भारी वाहन का लाइसेंस बनवाने के लिए कम से कम 20 वर्ष की उम्र होना जरूरी है। ऐसे में 18 से 20 वर्ष की आयु वाले युवा चाहकर भी निर्धारित शर्त पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
वहीं, कई अभ्यर्थी भारी वाहन लाइसेंस न होने के कारण भी आवेदन करने से वंचित हो रहे हैं।
आवेदन के समय ही मांगा जा रहा वैध लाइसेंस
पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग के अंतर्गत निकाली गई इस भर्ती में आवेदन करते समय ही वैध भारी वाहन ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य किया गया है।
मोटर व्हीकल एक्ट, 1988 की धारा 4(2) के अनुसार, भारी या परिवहन वाहन का लाइसेंस बनवाने के लिए न्यूनतम उम्र 20 वर्ष होनी चाहिए। इसके साथ ही हल्के वाहन का कम से कम एक वर्ष पुराना लाइसेंस भी आवश्यक होता है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती में न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित होने के बावजूद लाइसेंस की शर्त के कारण युवा आवेदन करने से वंचित हो रहे हैं।
इससे भर्ती के पात्रता नियमों और लाइसेंस संबंधी कानूनी प्रविधानों के बीच विसंगति की स्थिति बन रही है।
दस्तावेज सत्यापन तक लाइसेंस देने की मांग
अभ्यर्थियों का कहना है कि उनके पास हल्के वाहन का लाइसेंस है। भारी वाहन लाइसेंस बनवाने के लिए कई युवाओं ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में आवेदन कर दिया है, लेकिन पूरी प्रक्रिया में एक से डेढ़ महीने तक का समय लग सकता है। ऐसे में 29 अक्टूबर की अंतिम तारीख तक लाइसेंस मिल पाना मुश्किल हो रहा है।
अभ्यर्थियों ने ईएसबी से मांग की है कि आवेदन की तारीख बढ़ाई जाए या भारी वाहन लाइसेंस दस्तावेज सत्यापन के समय प्रस्तुत करने की अनुमति दी जाए। उनका कहना है कि करीब नौ साल बाद, वर्ष 2017 के बाद आई इस भर्ती में बड़ी संख्या में युवा इस भर्ती का इंतजार कर रहे थे। अब लाइसेंस की अनिवार्यता के कारण वे असमंजस में हैं।
किसी भी सरकारी नौकरी के लिए न्यूनतम आयु सीमा का मापदंड 18 वर्ष ही तय है। आरक्षक चालक भर्ती की नियमावली जारी कर दी गई है। अब इसमें कोई बदलाव नहीं होगा, जो इस दायरे में नहीं आ रहे हैं वो आवेदन न करें।- शाहिद अबसार, एडीजी चयन