
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कोहेफिजा थाना पुलिस ने पुजारी को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेलिंग और फिरौती वसूलने की साजिश रचने वाले इल्लीगल गैंग के दो और फरार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों घटना के बाद से फरार चल रहे थे। दोनों आरोपितों ने पुजारी से ब्लैकमेलिंग और मारपीट की थी।
सब इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदीप उर्फ प्रदुम (30) और अरोरा उर्फ रांगा को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ईदगाह हिल्स स्थित वाजपेयी नगर मल्टी के निवासी हैं और गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गैंग ने पुजारी राकेश खेमरिया को एक युवती के माध्यम से झूठे दुष्कर्म के आरोप में फंसाने की साजिश रची थी। आरोपियों ने पुजारी को करीब पांच घंटे तक बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और उससे आठ लाख रुपये की फिरौती की मांग की।
मामले में इससे पहले गैंग के सरगना आकाश नीलकंठ उर्फ भूरा हड्डी सहित रामजी ठाकुर, आकाश उपाध्याय, अभिषेक मीणा उर्फ बबलू, नीरज खानगे और अमित ओसवाल उर्फ मन्नू को गिरफ्तार किया जा चुका है।