
डिजिटल डेस्क, भोपाल। दिल्ली सराय रोहिल्ला से यशवंतपुर जा रही ट्रेन संख्या 12214 एसी दुरंतो एक्सप्रेस में मंगलवार शाम रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर पैंट्री वेंडर्स द्वारा एक यात्री से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित यात्री की पहचान बेंगलुरु निवासी 22 वर्षीय अरमान खान के रूप में हुई है।
घटना के समय ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन पर रुकी थी, जहां अरमान दूध खरीदने के लिए अपने एसी डिब्बे से बाहर उतर रहा था। उसी दौरान पैंट्री कार के कर्मचारी ट्रेन में खानपान सामग्री लोड कर रहे थे, जिससे निकासी का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। अरमान ने रास्ता बंद होने पर ऐतराज जताया, जिसके बाद वेंडर्स और उसके बीच कहासुनी शुरू हो गई।
मामला इतना बढ़ गया कि आधा दर्जन के करीब वेंडर्स ने अरमान को एसी कोच से नीचे खींच लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। इस पूरे घटनाक्रम का वहां मौजूद अन्य यात्रियों ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद पीड़ित यात्री ने सबसे पहले आमला जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। वहां से केस की डायरी ट्रांसफर होकर रानी कमलापति जीआरपी थाने पहुंची, जिसके बाद अज्ञात वेंडर्स के खिलाफ विधिवत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई। रानी कमलापति जीआरपी थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि अज्ञात वेंडर्स पर केस दर्ज कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है और अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
दुरंतो जैसी वीआईपी ट्रेन में हुई इस गुंडागर्दी ने रेलवे सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में मौके पर एक महिला पुलिसकर्मी दिखाई दे रही है, लेकिन घटना के समय आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारियों की मौजूदगी व उनकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।