दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, भोपाल से खाटूश्यामजी जाते हुए नाले में गिरी ट्रैवलर; MP के 8 श्रद्धालुओं की मौत
राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार सुबह करीब छह बजे भोपाल से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 17 Oct 2026 09:56:22 AM (IST)Updated Date: Sat, 17 Oct 2026 11:04:41 AM (IST)
कोटा में दुर्घटनाग्रस्त वाहन और अस्पताल में भर्ती घायल यात्री।HighLights
- हादसे में मध्य प्रदेश के आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
- 17 घायल अस्पताल में भर्ती, कई की हालत गंभीर
- चालक को झपकी आने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
डिजीटल डेस्क, भोपाल। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मध्य प्रदेश से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रही 25 से अधिक श्रद्धालुओं से भरी एक मिनी बस (टेम्पो ट्रैवलर) अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई।
जानकारी के अनुसार इस भीषण हादसे में मध्य प्रदेश के रहने वाले 8 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार श्रद्धालु बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम घाट बिरोली और अन्य जगह के बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 6 बजे सिमलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कराड़िया टोल से कुछ ही दूरी पर हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
पुलिया से 15 फीट नीचे गिरी बस, सीटों में फंसे रहे यात्री
सिमलिया थाना प्रभारी एसएचओ नंद सिंह के अनुसार, टेम्पो ट्रैवलर भोपाल से खाटूश्यामजी (राजस्थान) की ओर जा रही थी। रास्ते में कराड़िया टोल प्लाजा के पास अनियंत्रित होकर बस पुलिया से करीब 15 फीट नीचे गहरे नाले में जा गिरी। सुबह तड़के अंधेरा होने के कारण शुरुआत में रेस्क्यू कार्य में कुछ दिक्कतें आईं।
भीषण टक्कर के कारण ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने त्वरित मदद करते हुए गाड़ी के कांच तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कई शव और घायल यात्री सीटों के बीच बुरी तरह फंसे हुए थे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर खींचा जा सका।
घायलों को दिया गया सीपीआर, सिर में गंभीर चोटें और फ्रैक्चर
हादसे में घायल सभी 17 यात्रियों को तुरंत कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल लाए गए कई घायल बेसुध स्थिति में थे, जिन्हें डॉक्टरों की टीम ने तुरंत सीपीआर दिया और ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा।
चिकित्सकों के मुताबिक, दुर्घटना के वक्त सीटों के बीच बुरी तरह दबने के कारण अधिकतर घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं तथा हाथ-पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। आगे की सीटों पर बैठे श्रद्धालुओं को सबसे ज्यादा चोट पहुंची है।
ड्राइवर को झपकी आने से हादसे की आशंका
पुलिस अधिकारियों का प्राथमिक अनुमान है कि सुबह के वक्त चालक को झपकी आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ और यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा मृतकों के परिजनों को सूचना भेज दी गई है।