देवास में बिना अनुमति 5 माह चला अस्पताल, 146 मरीजों का हुआ इलाज: NGT रिपोर्ट में खुलासा
देवास के चापड़ा स्थित 15 बिस्तरों वाले उमिया मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में 5 जून 2026 से इलाज शुरू कर दिया गया था। इस दौरान 146 मरीजों का उपचार किया गया, जबकि संचालन की सहमति नहीं मिली थी।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 01:24:18 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 01:24:18 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- पांच महीने बिना अनुमति चलता रहा अस्पताल
- जांच में ईटीपी और बायोमेडिकल वेस्ट की खामियां
- एनजीटी ने मांगा कार्रवाई का ब्योरा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । देवास जिले के चापड़ा में 15 बिस्तरों वाला अस्पताल बिना जरूरी पर्यावरणीय अनुमति के करीब पांच महीने तक संचालित होता रहा। अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार, इस दौरान यहां 146 मरीजों का इलाज भी किया गया।
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में प्रस्तुत संयुक्त जांच समिति की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल को मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपी-पीसीबी) से संचालन की सहमति (सीटीओ) नहीं मिली थी। इसके बावजूद पांच जून 2026 से अस्पताल में इलाज शुरू कर दिया गया था।
स्थापना की सहमति पर चलाया अस्पताल
एनजीटी की सेंट्रल जोन बेंच में पेश रिपोर्ट के अनुसार, देवास जिले के चापड़ा स्थित उमिया मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर को 21 मई 2026 को केवल स्थापना की सहमति (सीटीई) दी गई थी। अस्पताल प्रबंधन ने तीन जुलाई को संचालन की अनुमति के लिए आवेदन किया, लेकिन बोर्ड की ओर से 29 जुलाई और 17 अगस्त को उठाई गई आपत्तियों का जवाब नहीं दिया। इसके बाद 22 सितंबर को आवेदन निरस्त कर दिया गया।
जांच में कई खामियां उजागर
जांच में अस्पताल परिसर में लगा एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) गंदे पानी की निकासी से जुड़ा नहीं मिला। बायोमेडिकल कचरे के भंडारण के लिए अलग जगह और उसके निपटान का रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं कराया गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने एक सितंबर को अस्पताल को संचालन बंद करने का नोटिस जारी किया था।
एनजीटी ने बोर्ड से बिना जरूरी अनुमति अस्पताल संचालन के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्योरा मांगा है। अगली सुनवाई चार जनवरी 2027 को होगी।