
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में वायु प्रदूषण कम करने के लिए नगर निगम ने जिस काम पर लाखों रुपये खर्च किए, अब उसी काम को दो से तीन महीने के भीतर मिटाया जा रहा है। भेल दशहरा मैदान से जंबूरी मैदान की ओर जाने वाले मार्ग पर करीब ढाई से तीन महीने पहले नगर निगम ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम की राशि से पेवर ब्लॉक लगवाए थे।
इनका उद्देश्य सड़क किनारे की कच्ची जमीन को ढंककर धूल उड़ने से रोकना था, लेकिन अब आर्मी डे परेड की तैयारियों के लिए सड़क चौड़ीकरण के नाम पर इन्हीं पेवर ब्लॉक को उखाड़ा जा रहा है।
हैरानी की बात यह है कि इन्हें एक-एक करके निकालकर दोबारा इस्तेमाल करने के बजाय मशीन के माध्यम से तोड़कर उखाड़ा जा रहा है। यानी सरकारी राशि से लगाए गए पेवर ब्लॉक दोबारा उपयोग के लायक भी नहीं बच रहे हैं। वहीं, नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि आर्मी-डे परेड के आयोजन की जानकारी अचानक मिली थी।
पूर्व में इसकी जानकारी नहीं थी, इसलिए पेवर ब्लॉक लगा दिए गए थे। यह स्थिति नगर निगम की कार्ययोजना और विभागों के बीच समन्वय पर गंभीर सवाल खड़े करती है। अब जिस काम को वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए जरूरी बताकर कराया गया, वह कुछ ही समय में बेकार साबित हो रहा है।
भोपाल नगर निगम द्वारा हाल ही में राष्ट्रीय हरित अधिकरण में दी गई जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024-2025 में एनसीएपी द्वारा आवंटित करीब 60 करोड़ रुपये में से सिर्फ 12.45 करोड़ यानी करीब 21 प्रतिशत का ही उपयोग किया गया था। वहीं, 2025-26 के दौरान फंड का कोई उपयोग ही नहीं किया गया। यानी एक तरफ तो नगर निगम द्वारा धूल प्रबंधन और वायु प्रदूषण सुधारने के लिए कोई खास काम नहीं किया गया। वहीं, जो काम किया भी गया उसे भी बिना प्लान के करा दिया गया।
यह भी पढ़ें- फिर विवादों में विधायक गोलू शुक्ला का बेटा रुद्राक्ष, अब खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह का वीडियो आया सामने
आर्मी-डे परेड का आयोजन प्रस्तावित हुआ है। इससे पहले संबंधित मार्ग पर पेवर ब्लॉक लगाए जा चुके थे। उस समय जानकारी नहीं थी कि आयोजन के लिए सड़क का चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। - संतोष गुप्ता, मुख्य अभियंता, नगर निगम