भोपाल में दहेज एक्ट का केस दर्ज होने से खफा था शौहर, बोल दिया तीन बार तलाक
अगस्त 2020 में हुई थी शादी। ससुराल में लगातार दहेज के लिए किया जा रहा था परेशान। फिलहाल मायके में रह रही पीड़िता। ...और पढ़ें
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sun, 30 Jan 2022 09:00:28 AM (IST)Updated Date: Sun, 30 Jan 2022 09:00:28 AM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। राजधानी में तलैया थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ तीन तलाक (मुस्लिम महिला विवाह संरक्षण अधिनियम) का केस दर्ज किया है। महिला की शिकायत पर दूसरे थाने में पति के खिलाफ दहेज एक्ट और उसके नंदोई पर छेड़छाड़ का मुकदमा कायम हो चुका है। इस बात से नाराज शौहर ने बीवी के घर जाकर तीन बार तलाक बोल दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तलैया थाना पुलिस के मुताबिक इलाके में रहने वाली 23 वर्षीय महिला ने पिता के साथ आकर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसमें बताया कि सात अगस्त 2020 को उसकी शादी गौतम नगर थाना इलाके में रहने वाले युवक से हुई थी। उसका पति एक निजी फर्म में काम करता है। शादी के बाद से ही पति और ससुराल के लोग उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे थे। पति भी आए दिन मारपीट करता था। उसका नंदोई उस पर बुरी नजर रखता था, जिसके चलने पिछले वर्ष उसने गौतम नगर थाने में पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज एक्ट का केस दर्ज कराया था। साथ ही नंदोई पर छेड़छाड़ का मुकदमा कायम कराया था। वह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। वर्तमान में वह मायके में रह रही है।
महिला ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को दोपहर करीब सवा दो बजे पति उसके घर के बाहर आकर गाली गलौज करने लगा। उसके माता-पिता ने दामाद को गाली गलौज करने से रोका तो वह उनसे भी अभद्रता करने लगा। साथ ही बीवी से तीन बार तलाक बोलते हुए रिश्ता खत्म करने की बात कहकर चला गया। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।