
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र की बालमपुर घाटी में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। भीषण भिड़ंत में बाइक सवार पति-पत्नी और उनके दामाद की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार जब्त कर ली है, हालांकि अब तक ड्राइवर की पहचान नहीं हुई है।
सूखी सेवनिया थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे बालमपुर घाटी के पास बाइक सवार विदिशा की ओर से भोपाल आ रहे थे, जबकि कार पीछे उनके पीछे आ रही थी। शंका है कि कार ने ओवरटेक की कोशिश में बाइक को टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तत्काल उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। इनकी पहचान खजूरीकलां के बालाजी नगर निवासी 50 वर्षीय राजकुमार साहू, उनकी पत्नी 40 वर्षीय माया साहू और सीहोर जिले के रेहटी थाना क्षेत्र के ग्राम चिचोली निवासी 35 वर्षीय सोनू साहू के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में दहला देने वाला हादसा : चलती बाइक के पहिए में फंसा दुपट्टा, सड़क पर गिरकर गर्भवती पत्नी की दर्दनाक मौत
सोनू, राजकुमार और माया का दामाद था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि तीनों किसी रिश्तेदार के घर से लौटकर भोपाल आ रहे थे। हालांकि, वे कहां गए थे। इसकी पुष्टि स्वजनों के बयान के बाद हो सकेगी। पुलिस फरार कार चालक की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में दर्दनाक हादसा: घर के सामने खेल रही 2 साल की मासूम को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंदा, इलाज के दौरान तोड़ा दम