
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। विधानसभा प्रभारी का दायित्व 24 घंटे सातों दिन का है। आपके भरोसे ही हम चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। यदि किसी को विधानसभा का चुनाव लड़ना है तो वह यह दायित्व अभी छोड़ दे, क्योंकि वह पूरे मन से इस जिम्मेदारी को नहीं निभाएगा। यह बात प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ विधानसभा प्रभारियों की बैठक में कही।
बैठक में बूथ से लेकर विधानसभा क्षेत्र स्तर तक संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने को लेकर उठाए गए कदमों की समीक्षा की गई। इसमें तय किया गया कि ग्राम पंचायत, मंडल और ब्लॉक समितियों की नियुक्तियां जहां बाकी हैं, वहां एक माह के भीतर पूरी की जाएं। समितियों के कामकाज का आकलन भी विधानसभा प्रभारी करें।
साथ ही जो पदाधिकारी सक्रिय भूमिका नहीं निभा रहे हैं, उन्हें चिह्नित किया जाए। इनके बारे में स्थानीय इकाइयों से चर्चा करके निर्णय लिया जाएगा। वहीं, ऐसे कार्यकर्ता जो किसी पद पर नहीं हैं, लेकिन सक्रियता से आंदोलन और पार्टी के कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं, उनकी पहचान करके आगे बढ़ाया जाए।
यह भी पढ़ें- एमपी बोर्ड की फीस व्यवस्था पर विवाद, भड़का प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, आंदोलन की दी चेतावनी
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि विधानसभा प्रभारी प्रदेश इकाई के आंख, नाक और कान हैं। आपके ऊपर पार्टी के कार्यक्रमों को क्रियान्वित कराने का बड़ा दायित्व है। यदि कोई विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहा है तो वह प्रभारी पद के दायित्व को पूरी ईमानदारी से नहीं निभाएगा, इसलिए विचार करें और संगठन को अवगत कराएं ताकि वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जा सके।