भोपाल में स्कूटर और बाइक से अवैध शराब की तस्करी; 1.56 लाख की शराब व वाहन जब्त
बागसेवनिया में स्कूटर से 200 पाव और रंगमहल चौराहे पर बाइक से 144 पाव देसी शराब का अवैध परिवहन पकड़ा गया।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 01:56:13 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 01:56:13 PM (IST)
भोपाल में आबकारी विभाग ने देर रात दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ एक्शन किया।सौ-विभागHighLights
- भोपाल में आबकारी विभाग की देर रात दबिश
- 1.56 लाख रुपये की शराब और वाहन जब्त
- रायसेन रोड के आठ रेस्टोरेंट-ढाबों की जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । शहर में अवैध शराब के कारोबार और सार्वजनिक स्थलों पर जाम छलकाने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने शनिवार देर रात सख्त अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग टीमों ने शहर के कई इलाकों में दबिश देकर 34 प्रकरण दर्ज किए और दोपहिया वाहनों सहित करीब 1.56 लाख रुपये मूल्य की अवैध मदिरा जब्त की।
स्कूटर और बाइक से तस्करी
विभाग की एक टीम ने बागसेवनिया क्षेत्र में घेराबंदी कर हबीबगंज निवासी श्रीकांत बावस्कर को स्कूटर से 200 पाव देसी मसाला शराब ले जाते हुए दबोचा। जब्त शराब और स्कूटर की कीमत करीब 66 हजार रुपये आंकी गई है।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई रंगमहल चौराहे पर की गई, जहां से बाइक पर 144 पाव देसी प्लेन शराब का अवैध परिवहन पकड़ा गया। यहां जब्त वाहन व शराब की कीमत 90 हजार 900 रुपये है।
रायसेन रोड के रेस्टोरेंट और ढाबों पर भी छापा
अवैध रूप से शराब पिलाने वालों पर शिकंजा कसते हुए टीम ने रायसेन रोड स्थित पेंडियम, शामियाना, समायरा ग्रीन, हेरिटेज बाग, क्लाउड 11, आचमन, लक्स और शाहीपिंड जैसे रेस्टोरेंट व ढाबों की देर रात सघन चेकिंग की। यहां अवैध मदिरापान कराने और करने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36 (ए/बी) के तहत 32 प्रकरण बनाए गए।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सार्वजनिक रूप से शराब पीने वालों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा।