
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के विश्राम गृह में उज्जैन जिले के महिदपुर से कांग्रेस विधायक दिनेश जैन बोस को आवंटित कक्ष में पुलिसकर्मियों के संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के मामले की विधानसभा सचिवालय ने जांच शुरू कर दी है। घटना दो नवंबर 2026 की है। विधायक ने विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा को शिकायत दी थी।
सचिवालय पांच बिंदुओं पर जांच कर रहा है। यह पता लगाया जा रहा है कि विधायक ने कक्ष की चाबी काउंटर पर क्यों रखी, पुलिसकर्मियों को चाबी किसने दी और वे कौन थे।
दिनेश जैन के अनुसार, वे अपने कक्ष की ओर जा रहे थे, तभी एक महिला पुलिसकर्मी उनके कमरे से निकली, कुछ देर बाद पुरुष पुलिसकर्मी भी दरवाजे से बाहर निकलता दिखा। दोनों का सामान कमरे के बाहर रखा था। विधायक के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला पुलिसकर्मी ने माफी मांगी। उन्होंने प्रमुख सचिव को लिखित शिकायत दी है।
यह भी पढ़ें- ट्रक की तेज रोशनी से बिगड़ा कार का संतुलन, 5 फीट दूर खुले कुएं में जा गिरी, तैरकर बाहर निकले तीन भाई
विधानसभा सचिवालय के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) भी मामले की जांच कर रहा है। विधायकों के भोपाल से बाहर रहने पर उनके कमरों की चाबियां आमतौर पर मुख्य काउंटर पर केयरटेकर के पास जमा रहती हैं।
ऐसे में विधायक की जानकारी के बिना पुलिसकर्मियों की आवंटित कक्ष तक पहुंच कैसे हुई, यह जांच का अहम विषय है। सचिवालय ने रिपोर्ट मांगी है। जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जा सकती है।