
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अहम बदलाव होने जा रहा है। मेट्रो रेल प्रबंधन ने सुभाष नगर से एम्स स्टेशन के बीच संचालित ट्रेनों की समय-सारणी में आंशिक संशोधन किया है।
नई व्यवस्था 16 नवंबर 2026 यानि सोमवार से लागू होगी। इसके तहत सोमवार से शनिवार तक मेट्रो सेवाएं दोपहर 12 बजे से शाम 7:30 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। वहीं, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में पुरानी समय-सारणी ही लागू रहेगी।
नई समय-सारणी के अनुसार सुभाष नगर स्टेशन से पहली मेट्रो दोपहर 12 बजे रवाना होगी, जबकि आखिरी ट्रेन शाम सात बजे चलेगी। दूसरी ओर एम्स स्टेशन से पहली ट्रेन दोपहर 12:40 बजे और अंतिम ट्रेन शाम 7:30 बजे रवाना होगी। यात्रियों की संख्या और परिचालन की जरूरत के अनुसार पीक आवर्स में ट्रेनों के बीच 20 मिनट व ऑफ-पीक समय में 40 मिनट का अंतराल रहेगा।
यह भी पढ़ें- राजगढ़ में 20 गांव की फसलें सूखने की कगार पर, किसान हो रहे परेशान, 15 दिन तक पानी छोड़ने की मांग
रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में मेट्रो सुबह 11:30 बजे से रात 8:30 बजे तक चलेगी। इस दौरान सुबह 11:30 से दोपहर एक बजे तक 30 मिनट के अंतराल पर और दोपहर एक बजे से रात 8:30 बजे तक हर 15 मिनट में ट्रेन उपलब्ध होगी। प्रबंधन के अनुसार यात्रियों की सुविधा और परिचालन व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए समय-सारणी में बदलाव किया गया है।