भोपाल में तांत्रिक भाई-बहन ने महिला से ठगे 1 करोड़, बेटे को वश में करने का दिया झांसा
परिवार से अलग रह रहे बेटे को वापस लाने और गृहशांति कराने के नाम पर महिला से करीब एक करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है। क्राइम ब्रांच ने भाई-बहन के खिलाफ केस दर्ज किया है।
Publish Date: Sat, 31 Oct 2026 12:08:09 PM (IST)Updated Date: Sat, 31 Oct 2026 12:08:09 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयार की गई।HighLights
- बेटे को वापस मां के पास लाने का दिया झांसा
- ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराए, नकदी और जेवर लिए
- 8 चेक और 6 एटीएम कार्ड सहित अन्य दस्तावेज जब्त
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। परिवार से अलग रह रहे बेटे को वापस साथ लाने और गृहशांति कराने का झांसा देकर एक महिला से करीब 1 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि तंत्र-मंत्र के नाम पर भाई-बहन ने महिला से नकदी, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए रुपये और सोने-चांदी के जेवर ले लिए।
क्राइम ब्रांच ने आशा यादव और उसके भाई मुकेश यादव के खिलाफ धोखाधड़ी और षड्यंत्र का मामला दर्ज किया है।
तंत्र-मंत्र और गृहशांति का जाल
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, साकेत नगर निवासी पुरुषोत्तम शर्मा (57) ने शिकायत दर्ज कराई है। उनकी पत्नी राजेश्वरी शर्मा (55) की पहचान मोहल्ले की परिचित गौरी सिंह के माध्यम से आशा यादव से हुई थी।
आशा ने बताया कि उसका भाई मुकेश तंत्र-मंत्र और गृहशांति करता है। उस समय शर्मा दंपती का बेटा परिवार से अलग रह रहा था। बेटे के वापस घर आने और परिवार के एकजुट होने की उम्मीद में राजेश्वरी का आशा के घर आना-जाना शुरू हो गया।
आरोप है कि 25 मई 2025 से आशा ने गृहशांति और तंत्र-मंत्र के नाम पर रुपये लेना शुरू किया। राजेश्वरी ने अलग-अलग समय पर फोन-पे के जरिए करीब 7.16 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके अलावा करीब 12.54 लाख रुपये नकद दिए गए। आरोपियों ने करीब 625 ग्राम सोने और 500 ग्राम चांदी के जेवर भी ले लिए।
ज्वेलर के फोन से खुला मामला
मामले का खुलासा 29 सितंबर को हुआ, जब बिट्टन मार्केट के एक ज्वेलर ने पुरुषोत्तम शर्मा को फोन कर बताया कि आशा ने करीब 17 लाख रुपये का सोना खरीदा था। 5 लाख रुपये नकद देने के बाद शेष रकम के लिए दिया गया चेक भुगतान नहीं हुआ। इसके बाद पुरुषोत्तम ने पत्नी से पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आया।
जांच के दौरान पुलिस को करीब 8 चेक, 6 एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज भी सौंपे गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशा और मुकेश की भूमिका सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।