भोपाल: घरवाले नहीं माने तो प्रेमी जोड़े ने एक ही फंदे पर लगाई फांसी; दोस्त को भेजा मैसेज- 'तुमने मेरे लिए बहुत कुछ किया'
हबीबगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक मकान में 19 वर्षीय युवक अमन गाह और 16 वर्षीय किशोरी के शव फंदे पर मिले। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं म...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 03:28:01 PM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 03:28:01 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- हबीबगंज थाना क्षेत्र में युवक और किशोरी के शव मिले
- शादी को लेकर असहमति की बात, प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच
- मृतक अमन गाह मूल रूप से नेपाल के अर्गाखांची जिले का रहने वाला था
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हबीबगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक युवक और नाबालिग किशोरी के शव एक ही मकान में फंदे पर मिले। दोनों ने दुपट्टे से एक ही कुंदे के सहारे फांसी लगाई थी। शुरुआती जांच में पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।
बताया जा रहा है कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन स्वजन इसके लिए राजी नहीं थे। हालांकि, पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के अनुसार, मृतक अमन गाह (19) मूल रूप से नेपाल के अर्गाखांची जिले का रहने वाला था। वह भोपाल में 11 नंबर क्षेत्र के पास चाइनीज फूड का ठेला लगाता था।
घटना के समय उसके माता-पिता नेपाल गए हुए थे। परिवार में एक सदस्य की मौत होने के कारण वे वहां गए थे। वहीं, मृतका 16 वर्षीय किशोरी भी इसी थाना क्षेत्र की रहने वाली है।
दोनों के शव अलग-अलग हालत में मिले
जानकारी के अनुसार दोनों गुरुवार रात को दोनों ने साथ में खाना खाया था। उनके कमरे में शराब की खाली बोतल भी मिली है। इसके बाद उन्होंने फांसी लगा ली। जब घटना का पता चला तो युवक नीचे गिरा हुआ मिला, जबकि किशोरी का शव फंदे पर लटका था।
दोनों ने दुपट्टे का इस्तेमाल किया था। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
दोस्त को भेजा था थैंक्यू मैसेज
पुलिस को जानकारी मिली है कि फांसी लगाने से पहले अमन ने अपने दोस्त आर्यन थारु को थैंक्यू मैसेज भेजा था। उसने बोला कि तुमने मेरे लिए बहुत कुछ किया है। गुरुवार रात करीब आठ बजे आर्यन मौके पर पहुंचा तो दोनों के शव मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवारों के बयान के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि फिलहाल खुदकुशी का स्पष्ट कारण सामने नहीं आआ है। अमन के माता-पिता नेपाल में हैं। उनके भोपाल पहुंचने के बाद युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।