14 दिन की पैरोल... 4 साल फरार: भोपाल में उम्रकैद का बंदी गिरफ्तार; किसान के बेटे को किया था अगवा
किसान के बेटे का अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा अरुण मीणा (25) पैरोल पर जेल से छूटने के बाद वापस नहीं लौटा था। उसे रातीबड़ के समसगढ़ गांव में दोस्त के घर बाथरूम से गिरफ्तार किया गया।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 11:40:01 AM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 11:40:01 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- भोपाल में चार साल से फरार उम्रकैदी गिरफ्तार
- 14 दिन की पैरोल के बाद हुआ था फरार
- अपहरण के मामले में मिली थी उम्रकैद
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। किसान के बेटे का अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा बंदी पैरोल से फरार होने के बाद करीब चार साल तक जेल प्रशासन को चकमा देता रहा। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। कभी जंगलों में छिपा तो कभी होटल में काम करके रहने की जगह बदलता रहा। आखिरकार केंद्रीय जेल भोपाल की विशेष टीम ने उसे रातीबड़ के समसगढ़ गांव में उसके दोस्त के घर के बाथरूम से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बंदी की पहचान अरुण मीणा (25) के रूप में हुई है। जेल प्रशासन को बुधवार को सूचना मिली थी कि अरुण रातीबड़ के समसगढ़ गांव में अपने दोस्त हेमंत तिवारी के घर छिपा हुआ है। इसके बाद जेल उप अधीक्षक मगनू सिंह मरावी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। सहायक जेल अधीक्षक दिनेश मुबेल के सहयोग से टीम ने दबिश दी। रात करीब 12 बजे अरुण को उसके दोस्त के घर के बाथरूम से पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे केंद्रीय जेल भोपाल भेज दिया गया।
2016 में किसान के बेटे का किया था अपहरण
जानकारी के अनुसार, अरुण मीणा ने वर्ष 2016 में अपने साथियों के साथ मिलकर बर्रई गांव के एक किसान के बेटे का अपहरण किया था। आरोपितों ने फिरौती की मांग की थी। इस मामले में अदालत ने 27 जून 2019 को अरुण को दोषी ठहराते हुए दो मामलों में आजीवन कारावास और सात साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। दोनों सजाएं साथ-साथ चलनी थीं। इसके अलावा 30 हजार रुपये का जुर्माना नहीं भरने पर तीन साल का अतिरिक्त कठोर कारावास भी भुगतना था।
पैरोल पर छूटने के बाद नहीं लौटा जेल
अरुण को 11 नवंबर 2022 को 14 दिन की पैरोल और दो दिन की अतिरिक्त अवधि पर छोड़ा गया था। उसे 26 नवंबर 2022 को शेष सजा काटने के लिए जेल लौटना था, लेकिन वह वापस नहीं आया। इसके बाद गांधीनगर थाने में उसके खिलाफ अपराध दर्ज कराया गया। चार साल तक वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलता रहा। आखिरकार जेल प्रशासन की सूचना और विशेष टीम की कार्रवाई से उसे पकड़ लिया गया।
विशेष टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई में जेल उप अधीक्षक मगनू सिंह मरावी, सहायक जेल अधीक्षक दिनेश मुबेल के साथ केंद्रीय जेल की टीम के सदस्य विनय बघेल, अजय यादव और दिनेश दांगी शामिल रहे।