भोपाल: दोस्त ने ही रची थी साजिश, जेल से छूटते ही बदमाशों ने बकरा कारोबारी को लूटा; 5 गिरफ्तार
ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में बकरा कारोबारी मुबीन से नकदी लूटने की साजिश उसके परिचित दोस्त मोहम्मद इब्राहिम ने रची थी। उसे कारोबारी के पास नकदी और जीरापुर जाने की पूरी जानकारी थी।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 10:27:31 AM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 10:27:31 AM (IST)
गिरफ्तार आरोपियों को ले जाकर पेश करती पुलिस। सौ- पुलिसHighLights
- भोपाल में 17.90 लाख रुपये की लूट का पर्दाफाश
- बदमाशों ने जेल से छूटने के अगले दिन की वारदात
- पांचों आरोपियों पर पहले से 74 आपराधिक मामले दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में बकरा कारोबारी से 17.90 लाख रुपये की लूट की साजिश उसके ही परिचित दोस्त ने रची थी। उसे कारोबारी के पास रखी नकदी और बकरे खरीदने के लिए जीरापुर जाने की पूरी जानकारी थी। इसी सूचना के आधार पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद चार आरोपित राजस्थान भाग गए थे।
देहात पुलिस ने साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड समेत पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह है कि वारदात में शामिल दो बदमाश 16 नवंबर को ही जेल से छूटे थे और अगले ही दिन सुबह लूट कर दी।
दोस्त ने रची साजिश
देहात एसपी पंकज पांडे ने बताया कि देवकी नगर निवासी मुबीन (36) बकरों का कारोबार करता है। वह जीरापुर से बकरे खरीदकर हैदराबाद और चेन्नई में बेचता है। 17 नवंबर की सुबह करीब 5:45 बजे वह घर से पिट्ठू बैग में 17.90 लाख रुपये लेकर बाइक से लांबाखेड़ा बायपास स्थित अकरम की पार्किंग जा रहा था। वहां उसका किराये का आयशर ट्रक खड़ा था, जिससे उसे जीरापुर जाना था। रास्ते में लांबाखेड़ा पेट्रोल पंप ब्रिज के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उसे रोककर झूमाझटकी की और नकदी से भरा बैग लूटकर परेवाखेड़ा की ओर भाग निकले।
जांच में सामने आया कि कारोबारी का परिचित मोहम्मद इब्राहिम जानता था कि मुबीन अपने पास बड़ी रकम रखता है और बकरों की खरीदारी के लिए नकदी लेकर जीरापुर जाने वाला है। उसने यह जानकारी बदमाशों तक पहुंचाई, जिसके बाद लूट की योजना बनाई गई। पुलिस ने पहले इब्राहिम को भोपाल से हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके सुराग पर मोहम्मद इकबाल, आरिफ बाबा, तनवीर और अरशद बब्बा को राजस्थान से पकड़ा गया।
जेल से छूटकर कर दी वारदात
पुलिस के अनुसार अरशद बब्बा और मोहम्मद इकबाल 16 नवंबर को जेल से रिहा हुए थे। अगले दिन ही उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपितों से लूटी गई रकम में से 13.50 लाख रुपये नकद और लूट की रकम से कोटा मार्केट में खरीदे गए करीब 40 हजार रुपये के कपड़े जब्त किए हैं।
आरोपितों पर 74 आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपितों में अरशद बब्बा पर 41, आरिफ बाबा पर 16, मोहम्मद इकबाल पर 11, तनवीर पर चार और मोहम्मद इब्राहिम पर दो आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पांचों के खिलाफ कुल 74 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मामले में चार टीमें गठित कर करीब एक हजार सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले थे। आरोपितों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।