भोपाल में सर्विस रिवॉल्वर साफ करते समय हादसा; क्राइम ब्रांच के हवलदार की हथेली को चीरते हुए निकली बुलेट, अस्पताल में भर्ती
ट्रिगर दबने से चली गोली उनके बाएं हाथ की हथेली को आर-पार कर गई। उन्हें पहले बैरागढ़ सिविल अस्पताल और फिर हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया।
Publish Date: Sat, 17 Oct 2026 01:20:44 PM (IST)Updated Date: Sat, 17 Oct 2026 01:20:44 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- सर्विस रिवॉल्वर साफ करते समय चली गोली
- बाएं हाथ की हथेली को आर-पार कर गई बुलेट
- घायल आरक्षक का हमीदिया में इलाज जारी है
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। क्राइम ब्रांच में पदस्थ प्रधान आरक्षक बीरबल रजक शुक्रवार दोपहर अपने घर पर सर्विस रिवॉल्वर साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दबने से गोली चल गई। गोली उनकी हथेली को चीरते हुए आर-पार निकल गई, जिससे वह घायल हो गए।
घटना के समय घर में परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। घायल प्रधान आरक्षक को पहले बैरागढ़ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सफाई के दौरान दब गया ट्रिगर
जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक बीरबल रजक बैरागढ़ कलां में रहते हैं और क्राइम ब्रांच में पदस्थ हैं। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे वह ड्यूटी जाने से पहले अपने कमरे में सर्विस रिवॉल्वर की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान दाएं हाथ से ट्रिगर दब गया और बाएं हाथ में गोली लग गई।
हथेली के आर-पार हुई गोली
गोली उनकी हथेली को चीरते हुए निकल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर घर में मौजूद लोग भी घबरा गए। इसके बाद घायल प्रधान आरक्षक को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायल प्रधान आरक्षक के बयान अभी दर्ज नहीं किए गए हैं। उनके बयान दर्ज होने और जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।- रत्नेश तोमर, एसीपी, बैरागढ़