भोपाल में प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज युवक ने घर पर फेंका पेट्रोल बम; मंगेतर को दी थी जान से मारने की धमकी
घटना का वीडियो गुरुवार को सामने आने के बाद टीटी नगर पुलिस ने युवती की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी अरबाज उर्फ भैयू को गिरफ्तार किया।
Publish Date: Thu, 17 Sep 2026 10:57:45 PM (IST)Updated Date: Thu, 17 Sep 2026 10:57:45 PM (IST)
प्रतीकात्मक।HighLights
- शादी दूसरी जगह तय होने से नाराज युवक ने फेंका पेट्रोल बम
- पेट्रोल से भरी बोतल फेंककर आग लगाने की कोशिश की
- 14 सितंबर की घटना का वीडियो सामने आने पर गिरफ्तारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के टीटी नगर इलाके में एकतरफा प्यार और सनक में वारदात का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराने और दूसरी जगह रिश्ता तय होने से बौखलाए एक सिरफिरे युवक ने युवती के घर पर पेट्रोल से भरी बोतल (पेट्रोल बम) फेंककर आग लगाने की कोशिश की।
अचानक हुए इस हमले से परिजनों में हड़कंप मच गया, हालांकि समय रहते परिवार के लोगों ने आग पर काबू पा लिया।
शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर शुरू की प्रताड़ना
पुलिस के अनुसार, आरोपी अरबाज उर्फ भैयू युवती को पहले से जानता था और उसे परेशान कर रहा था। उसने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, लेकिन युवती ने साफ मना कर दिया। इसके बावजूद आरोपी ने उसका पीछा करना नहीं छोड़ा। हाल ही में जब युवती की शादी किसी दूसरी जगह तय हुई, तो आरोपी आक्रोशित हो गया।
मंगेतर को धमकी और मोपेड में तोड़फोड़
आरोपी की हरकतें लगातार बढ़ती चली गईं। उसने युवती के मंगेतर को फोन पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद युवती की मोपेड पर पत्थर बरसाकर तोड़फोड़ कर दी। परेशान होकर पीड़िता ने डायल-112 पर सूचना दी और टीटी नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, लेकिन इसके बाद भी आरोपी बाज नहीं आया।
सीसीटीवी/वीडियो सामने आने पर दबोचा गया आरोपी
14 सितंबर को आरोपी ने युवती के घर को निशाना बनाते हुए उस पर पेट्रोल बम फेंका। इस पूरी घटना का वीडियो गुरुवार को सामने आने के बाद पुलिस तुरंत एक्शन में आई।
टीटी नगर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी अरबाज उर्फ भैयू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है और घटना से जुड़ी विस्तृत पूछताछ कर रही है।