नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शराब के नशे में सड़क पर हुड़दंग कर रहे करणी सेना के जिलाध्यक्ष और उसके साथियों ने पहले पुलिस वाहन को टक्कर मारी और फिर नसीहत देने पर उसी पुलिस टीम से भिड़ गए।
आरोपियों ने नेहरू नगर चौराहे पर पुलिस की गाड़ी रोककर गाली-गलौज की और उप निरीक्षक, हवलदार व आरक्षक के साथ मारपीट कर दी।
घटना बुधवार-गुरूवार रात करीब तीन बजे की है। पुलिसकर्मी शाहपुरा से साइबर फ्रॉड के आरोपियों को लेकर कमला नगर थाने लौट रहे थे। हंगामे के बाद पुलिस आरोपियों को पकड़कर थाने ले गई, लेकिन यहां भी उनका दुस्साहस जारी रहा।
शकील मंसूरी समेत दो आरोपी पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गए। मुख्य आरोपी श्री राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष हेमंत ठाकुर उर्फ राजपूत को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है।
नशे में कर रहे थे हुड़दंग
कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे के अनुसार बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात पुलिस टीम शाहपुरा इलाके से साइबर फ्राड के आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लौट रही थी। नेहरू नगर चौराहे के पास सड़क पर कुछ युवक शराब के नशे में हुड़दंग कर रहे थे।
इसी दौरान वे अचानक पुलिस वाहन के सामने आ गए और हेमंत पुलिस के वाहन से टकरा गया। चालक एसआई सुनील इवनाती ने तत्काल वाहन नियंत्रित किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
गाड़ी चला रहे चालक ने युवकों को सड़क से हटने और इस तरह हुड़दंग न करने की नसीहत दी तो वे उलटे एसआई से ही विवाद करने लगे। आरोपियों ने पुलिस वाहन रुकवा लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
स्थिति बिगड़ने पर वर्दी पहने आरक्षक दीपक शर्मा वाहन से नीचे उतरे तो आरोपियों ने उनके साथ झूमाझटकी और मारपीट कर दी। पुलिस टीम ने थाने से बल बुलवाया और किसी तरह स्थिति संभालते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया।
थाने पहुंचकर भी नहीं थमा हंगामा, दो भाग निकले
पुलिस आरोपियों को लेकर कमला नगर थाने पहुंची, लेकिन यहां पहुंचने के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। पुलिस की पकड़ में आए आरोपितों में शामिल शकील मंसूरी और उसका एक साथी मौका पाकर थाने से फरार हो गए। पुलिस ने हेमंत ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।
उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं गुरुवार शाम को पुलिस ने जुलूस निकालकर कोर्ट में पेश किया। वहां भी आरोपित के कई समर्थक पहुंच गए। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पहले भी पुलिस से भिड़ चुका है हेमंत
पुलिस सूत्रों के अनुसार हेमंत ठाकुर क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर और सटोरिया है। पुलिसकर्मियों से विवाद और अभद्रता के मामले में उसका नाम पहले भी सामने आ चुका है। पूर्व में टीटी नगर थाने में पदस्थ उप निरीक्षक सुनील रघुवंशी और एक आरक्षक से भी उसकी झूमाझटकी और गाली-गलौज हुई थी।
अब पुलिस वाहन रोककर पुलिसकर्मियों से मारपीट और फिर थाने से दो साथियों के फरार होने की घटना ने उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
विधायक सबनानी के साथ कई फोटो-वीडियो
आरोपित हेमंत ठाकुर कोटरा सुल्तानाबाद का रहने वाला है। उसे भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी का करीबी बताया जा रहा है। इंटरनेट मीडिया पर हेमंत ठाकुर के विधायक सबनानी के साथ कई फोटो और वीडियो भी प्रसारित हो रहे हैं।
इनमें वह विधायक के साथ विभिन्न कार्यक्रमों और सार्वजनिक आयोजनों में नजर आ रहा है। हालांकि, पुलिस ने विधायक से उसके संबंधों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।