भोपाल में आवारा कुत्तों ने बुजुर्ग महिला और कारोबारी को नोंचा, लोगों में दहशत
भोपाल के कोलार रोड स्थित यूबी सिटी कॉलोनी में आवारा श्वानों ने 40 वर्षीय कारोबारी अभय परिहार और 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को काटकर घायल किया। दोनों अस्पताल में भर्ती हैं।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 03:09:35 PM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 03:49:15 PM (IST)
भोपाल में आवारा कुत्तों ने बुजुर्ग महिला और कारोबारी को नोंचा (सांकेतिक तस्वीर)HighLights
- कोलार में एक ही दिन में दो लोगों पर हमला
- कारोबारी और 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को किया घायल
- सवा लाख श्वान, सिर्फ तीन नसबंदी केंद्र
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में आवारा श्वानों का आतंक थम नहीं रहा है। बुधवार दोपहर कोलार रोड की यूबी सिटी कॉलोनी में चंद घंटों के अंतराल में दो लोगों पर श्वानों ने हमला कर दिया। पहले 40 वर्षीय कारोबारी अभय परिहार को श्वानों ने घेरकर पैरों में बुरी तरह काट लिया। कुछ समय बाद 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला थॉमस भी हमले का शिकार हो गईं। दोनों के पैरों में गहरे घाव हुए।
घटना सीसीटीवी में कैद
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनमें स्ट्रीट डाग एक युवक पर झपटते नजर आ रहे हैं। एक ही कालोनी में दो लोगों पर श्वानों के हमले के बाद रहवासी दहशत में हैं। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार विभाग श्वानों को पकड़ने के लिए कार्रवाई नहीं करते।
अभय परिहार को गंभीर चोटों के चलते अपोलो सेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि बुजुर्ग महिला को स्वजन कोलार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी में श्वानों का झुंड लगातार लोगों पर हमला कर रहा है।
सबसे बड़ी परेशानी यह है कि कालोनी ग्राम पंचायत और नगर निगम के अधिकार क्षेत्र के बीच फंसी है। शिकायतों के बाद भी जिम्मेदारी तय नहीं हो रही। लोगों ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे।
सवा लाख श्वान, साल भर में नसबंदी सिर्फ 25,000 की
शहर में आवारा श्वानों की आबादी सवा लाख से अधिक बताई जा रही है, लेकिन नगर निगम के पास अरवलिया, आदमपुर छावनी और कजलीखेड़ा में केवल तीन नसबंदी केंद्र हैं। इनकी कुल क्षमता महज 600 श्वानों की है। यहां रोजाना 20 से 25 श्वानों की नसबंदी और टीकाकरण किया जा रहा है।
नगर निगम के अनुसार, सालभर में 20 से 25 हजार आवारा श्वानों की ही नसबंदी हो पाती है। वहीं, आवारा श्वानों के लिए शहर में एक भी डाग शेल्टर होम नहीं है। हालांकि, कालापानी में जरूर शेल्टर होम का निर्माण प्रस्तावित है।
भोपाल को रैबीज मुक्त शहर 2030 कार्यक्रम के तहत तैयार किया जा रहा है। यह देश का अकेला ऐसा शहर हैं जहां यह प्रोग्राम चल रहा है। इसके अलावा यहां तीन सेंटर भी संचालित किए जा रहे हैं।- मालती राय, महापौर