भोपाल में टैक्स न चुकाने पर एक्शन, निगम ने बावड़ियाकलां और जिंसी में कुर्क किए मकान
भोपाल नगर निगम के जोन-10 अमले ने संपत्तिकर बकाया होने पर गुरुवार को दो मकानों की कुर्की की। कुल 6.79 लाख रुपये की वसूली के लिए कार्रवाई की गई।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 01:05:47 PM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 01:05:47 PM (IST)
नगर निगम भोपाल।HighLights
- 6.79 लाख रुपये की वसूली के लिए कार्रवाई
- गुलमोहर कॉलोनी में 5.53 लाख बकाया
- जिंसी में 1.26 लाख रुपये का नहीं हुआ भुगतान
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । संपत्तिकर के बड़े बकायादारों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को जोन-10 के अमले ने 6.79 लाख रुपये बकाया होने पर दो मकानों पर कुर्की की कार्रवाई की। नोटिस के बावजूद राशि जमा नहीं करने पर निगम ने नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 175 के तहत कुर्की की।
बावड़ियाकलां और जिंसी में कुर्की
पहली कार्रवाई वार्ड-50 के बावड़ियाकलां स्थित गुलमोहर कालोनी में की गई। यहां शीला भटनागर पर 5.53 लाख रुपये का संपत्तिकर बकाया था।
इसी तरह वार्ड-42 के जिंसी क्षेत्र में भवन क्रमांक 65 के मालिक रफीक मियां पर 1.26 लाख रुपये का संपत्तिकर बकाया होने पर मकान कुर्क किया गया।
नोटिस के बाद नहीं भरा टैक्स
निगम अधिकारियों के अनुसार, दोनों बकायादारों को पहले नोटिस जारी कर भुगतान का अवसर दिया गया था। इसके अलावा अन्य बड़े बकायादारों को भी बकाया कर जमा करने के नोटिस जारी किए गए हैं।
निगम ने स्पष्ट किया है कि राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।