
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत 71 संगठनात्मक जिलों के लिए जिलाध्यक्षों की घोषणा शनिवार को केंद्रीय नेतृत्व ने कर दी है। सूची में पीढ़ी परिवर्तन के साथ मिशन 2028 की झलक दिख रही है। 71 में से 50 नए (70 प्रतिशत) हैं, जबकि 21 को यथावत रखा गया है।
जीतू पटवारी को प्रदेश अध्यक्ष और उमंग सिंघार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाने के बाद पार्टी ने पीढ़ी परिवर्तन जारी रखा है। खास बात यह रही कि कमल नाथ, दिग्विजय सिंह, अजय सिंह, अरूण यादव, कांतिलाल भूरिया, मीनाक्षी नटराजन जैसे दिग्ग्ज नेताओं का अपने-अपने क्षेत्र में दबदबा कायम रहा है।
वे अपने जिलों में अपने समर्थकों को अध्यक्ष बनवाने में सफल रहे। दिग्विजय सिंह के बेटे और रौघोगढ़ से विधायक जयवर्धन सिंह व पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह जैसे बड़े नेताओं को जिलाध्यक्ष बनाकर पार्टी ने साफ संकेत दिया है कि पूरी जमावट वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव और 2029 में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव की दृष्टि से की गई है।
.jpg)
MP Congress Adhyaksh List: मप्र कांग्रेस ने घोषित किए 71 जिलों के अध्यक्ष
यही कारण है कि बड़े नेताओं को भी जिलाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी ने छह वर्तमान और 21 पूर्व विधायकों को भी जिम्मेदारी दी है। चार महिलाएं, दो मुस्लिम और एक जैन सहित तीन अल्पसंख्यक, 10 एसटी, आठ एससी और 11 ओबीसी शामिल किया गया है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि नए जिलाध्यक्षों में 15 ऐसे हैं जिन्होंने जिलाध्यक्ष के लिए आवेदन ही नहीं किया था, पर पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट और राहुल गांधी की सहमति मिलने के बाद उन्हें जिम्मेदारी दी गई है। इनमें कुछ विधायक और पूर्व विधायक भी सम्मिलित हैं।