
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश सरकार तीन और चार अक्टूबर को प्रदेशभर में सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार चलाएगी। तीन अक्टूबर को सभी विकासखंडों और चार अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में शिविर आयोजित होंगे। इसमें स्वास्थ्य शिविर अनिवार्य रूप से लगाए जाएंगे। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उनके गांवों और वार्ड स्तर पर दिलाया जाएगा। कई सरकारी सेवाएं एक साथ मिल सकेंगी।
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी कलेक्टरों को इस संबंध में जारी दिशा-निर्देश में कहा है कि शिविर सुबह 11 से शाम चार बजे तक लगाए जाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक जिले के सभी विकासखंडों में तथा नगरीय क्षेत्रों में नगर निगम के जोन कार्यालय, नगर पालिका और नगर परिषद स्तर पर शिविर लगाए जाएं।
इसमें पहले से योजनाओं का लाभ ले रहे हितग्राहियों की जानकारी जुटाने के साथ शेष पात्र हितग्राहियों को चिह्नित कर योजनाओं से जोड़ा जाए। वार्षिक लक्ष्य के अनुरूप पात्र लोगों को मौके पर लाभ दिया जाए और शेष हितग्राहियों को क्रमबद्ध तरीके से लाभ पहुंचाया जाए।
शिविरों में अलग-अलग विभागों के लिए 25 से अधिक काउंटर रहेंगे। इनमें बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, कंप्यूटर-इंटरनेट और सेल्फी प्वाइंट जैसी व्यवस्थाएं शामिल रहेंगी।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में मिलने के बहाने बुलाकर नाबालिग छात्रा से 5 नाबालिगों ने किया गैंगरेप, दो को पकड़ा, तीन की तलाश
जिला स्तर पर अभियान की निगरानी का दायित्व कलेक्टरों को दिया गया है। वे नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे। विकासखंड स्तर के कैंप की जिम्मेदारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, जबकि नगर निकायों में संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी और नगर निगम के जोनल अधिकारी प्रभारी होंगे।
शिविर में प्राप्त कुल आवेदन, मौके पर स्वीकृत और लंबित आवेदनों तथा वितरित हितलाभ की जानकारी प्रतिदिन शाम छह बजे तक अधिकृत पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य होगा।