
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था शैलेंद्र सिंह चौहान सहित प्रशिक्षण में गए प्रदेश के 14 आईपीएस अधिकारियों की जगह अन्य अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अधिकारी 26 अक्टूबर से 20 नवंबर तक हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में 28वें मिड करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (एमसीटीपी) फेज-3 में शामिल होंगे। इस अवधि में उनके कामकाज की जिम्मेदारी अन्य अधिकारियों को दी गई है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान की जगह यह जिम्मा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त क्राइम एवं मुख्यालय मोनिका शुक्ला और विवेक सिंह डीआईजी शहडोल रेंज की जगह संजय कुमार अग्रवाल पुलिस अधीक्षक शहडोल को सौंपा गया है। इसी प्रकार 23वीं वाहिनी विसबल भोपाल के सेनानी प्रमोद कुमार सिन्हा के स्थान पर 25वीं वाहिनी के सेनानी नागेंद्र सिंह को जिम्मेदारी मिली है।
ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह का काम 13वीं वाहिनी विसबल ग्वालियर के सेनानी श्रुतिकीर्ति सोमवंशी देखेंगी। मप्र पुलिस अकादमी भौंरी के उप निदेशक रामजी श्रीवास्तव की जगह पीटीएस भौंरी की एसपी रश्मि पांडेय को जिम्मा दिया गया है।
रायसेन एसपी आशुतोष के स्थान पर एसपी रेल भोपाल अंकित जायसवाल, भोपाल जोन-2 के डीसीपी विकास कुमार सहवाल के स्थान पर जोन-3 के डीसीपी आयुष गुप्ता और पुलिस मुख्यालय में एआईजी मनीष खत्री की जगह हेलेन सोनाली को जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसपी रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश के स्थान पर सिद्धार्थ चौधरी को काम दिया गया है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में स्कूलों के समय में बदलाव की छूट, DEO ने जारी किए निर्देश, रैली के चलते लिया फैसला
बड़वानी एसपी पद्म विलोचन शुक्ला की जगह विनोद कुमार सिंह, आगर मालवा एसपी दिलीप कुमार सोनी की जगह दीपक कुमार शुक्ला और अनूपपुर एसपी विक्रांत मुराब की जगह अंकित सोनी जिम्मेदारी संभालेंगे। मऊगंज एसपी सुरेंद्र कुमार जैन के स्थान पर मनोहर सिंह मंडलोई और डिंडोरी एसपी आशीष खरे की जगह 36वीं वाहिनी के सेनानी सुनील तिवारी को जिम्मा दिया गया है।