
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात के बाद सफाई कर्मियों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है। राज्य मंत्री कृष्णा गौर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर सफाई कर्मियों के प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को यादव से मुलाकात के बाद हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया।
इसके साथ ही सफाईकर्मी काम पर वापस लौटे और कुछ क्षेत्रों में सफाई का काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद सफाई कर्मियों की वेतन वृद्धि और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को स्थायी करने का रास्ता साफ हो गया है। सफाई कर्मचारियों को 20 हजार रुपये महीने तक मिल सकते हैं।
सफाई कर्मियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गई है। हम हर एक कर्मचारी के साथ हैं। अधिकारियों-कर्मचारियों को लेकर हमारी सरकार का बड़ा मन है, हम सबको जोड़कर काम करेंगे।
दरअसल, अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन के तत्वावधान में सफाईकर्मी 10,500 रुपये वेतन बढ़ाकर 25 हजार रुपये महीने करने समेत चार मांगों को लेकर तीन दिन से हड़ताल पर थे। इससे शहर की सड़कों पर कचरे का ढेर जमा हो गया। इतना ही नहीं सफाई कर्मियों ने शुक्रवार को टैंकरों से पानी की सप्लाई भी बंद कर दी। इससे कई क्षेत्रों में पानी का संकट हो गया।
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मगनलाल झांझोट ने बताया कि सीएम के समक्ष कर्मचारियों के नियमितीकरण, वेतन वृद्धि, अनुकंपा नियुक्ति और ठेका प्रथा समाप्त करने जैसी मुख्य समस्याएं रखी गईं। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए एक उच्चस्तरीय कमेटी गठित कर दी है, जो एक माह के भीतर चार प्रमुख मांगों पर प्रक्रिया शुरू करेगी।
यह भी पढ़ें- भोपाल के 1 लाख उपभोक्ताओं की अटक सकती है बिजली सब्सिडी, e-KYC अनिवार्य, नहीं कराने पर बढ़ेगा बिल