
सौरभ सोनी, भोपाल। 'एक जिला एक उत्पाद' (ODOP) योजना को अब पूरी तरह बाजार और निर्यात केंद्रित बनाया जाएगा। नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत किसी भी जिले के उत्पाद का चयन केवल उसकी पारंपरिक या सांस्कृतिक पहचान के आधार पर नहीं होगा, बल्कि उसकी वैश्विक मांग, उत्पादन क्षमता और निर्यात की संभावनाओं को भी परखा जाएगा।
जिन उत्पादों की उत्पादन क्षमता कम हो गई है या जिन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुणवत्ता के कारण लाभ नहीं मिल पा रहा है, उनकी जगह राज्य सरकार औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग की मंजूरी से नए उत्पाद जोड़ या बदल सकेगी।
हर तीन साल में उत्पादों के प्रदर्शन की समीक्षा भी अनिवार्य की गई है। एक ही उत्पाद को एक से अधिक जिलों में चुना जा सकता है, बशर्ते वहां मजबूत उत्पादन आधार या साझा भौगोलिक पहचान हो।
जिला कलेक्टर की अध्यक्षता वाली कमेटी उत्पादों का मूल्यांकन 30 अंकों के एक विशेष स्कोरिंग मैट्रिक्स पर करेगी। इसमें बाजार व निर्यात क्षमता, उत्पाद की विशिष्टता (जैसे जीआइ टैग), उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता मानक, रोजगार सृजन और स्थानीय इकोसिस्टम की तैयारी जैसे छह मानकों पर पांच-पांच अंक तय किए गए हैं।
देश के सभी जिलों के विशिष्ट उत्पादों को वैश्विक बाजार (एक्सपोर्ट) से जोड़ने और उनकी गुणवत्ता व पैकेजिंग में सुधार करने के उद्देश्य से ओडीओपी के चयन और संशोधन के लिए भारत सरकार ने एसओपी जारी की है।
चयनित उत्पादों को पीएम एकता माल (यूनिटी माल), ओपन नेटवर्क फार डिजिटल कामर्स (ओएनडीसी), जेम, ट्राइफेड और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों से जोड़ा जाएगा। कारीगरों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), एफपीओ और एमएसएमई को निर्यात-स्तरीय पैकेजिंग, बारकोड-क्यूआर कोड, एफएसएसएआइ-बीआइएस-जीआइ सर्टिफिकेशन, वित्तीय सहायता और विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों के माध्यम से वैश्विक खरीदारों से जोड़ने का पूरा सहयोग दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- भोपाल के 150 परिवारों का 17 साल का इंतजार खत्म, रजिस्ट्री के बाद मिला जमीन का मालिकाना हक
दो दिन पहले ही भारत सरकार ने एसओपी जारी की है। इसका पालन करते हुए प्रबंध संचालक के निर्देशन में सभी विभागों के साथ मिलकर उत्पादों का चयन कर रहे हैं। उत्पादों की संख्या बढ़ाने पर फोकस है। -प्रतुल चंद्र सिन्हा, कार्यकारी निदेशक, मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआइडीसी)