'मप्र शासन' लिखी कार का सरकारी रौब: रायसेन में महिला ने बीच सड़क छात्रा को 5 सेकंड में जड़े 5 थप्पड़, वीडियो वायरल
रायसेन के मुखर्जी नगर गेट के पास मप्र शासन लिखी लाल कार से उतरी महिला ने स्कूटी सवार छात्रा से कथित विवाद के बाद मारपीट की। घटना का वीडियो सामने आया ह...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 30 Sep 2026 09:28:26 PM (IST)Updated Date: Wed, 30 Sep 2026 09:28:26 PM (IST)
थाने में शिकायत करने पहुंची छात्रा और इनसेट में कार। नईदुनिया।HighLights
- सड़क पर छात्रा से मारपीट का वीडियो वायरल
- पांच सेकंड में थप्पड़ और मुक्के मारने का आरोप
- 'मप्र शासन' के आधार पर महिला की पहचान की जा रही है
नईदुनिया प्रतिनिधि,रायसेन। शहर के मुखर्जी नगर गेट के पास बुधवार दोपहर को दबंगई की एक शर्मनाक घटना सामने आई है। मध्यप्रदेश शासन लिखी लाल टाटा अल्ट्रोज कार सवार एक महिला ने एक स्कूटी सवार छात्रा को बीच सड़क पर बेरहमी से पीट दिया।
पूरी घटना का सीसीटीवी सामने आया है और वीडियो भी वायरल हो रहा है। पीड़ित छात्रा ने कोतवाली थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
स्कूटी को ओवरटेक कर रोकी कार
पीड़ित छात्रा बिजली कंपनी कार्यालय से काम निपटाकर घर लौट रही थी। मुखर्जी नगर गेट के पास पीछे से आ रही लाल रंग की कार ने उसकी स्कूटी को ओवरटेक कर अचानक ब्रेक मार दिया। कार से काले कपड़े पहने महिला उतरी और आरोप लगाने लगी कि छात्रा की स्कूटी से उसकी कार में टक्कर लगी है।
छात्रा ने इंकार किया तो महिला ने बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते हाथापाई पर उतर आई।
बहुप्रसारित वीडियो में कैद हुई दबंगई
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला ने छात्रा के चेहरे पर पांच सेकंड के अंदर पांच थप्पड़ और मुक्के जड़ दिए। छात्रा अपनी स्कूटी पर सहमी खड़ी रही और रोने लगी। आसपास भीड़ जमा हो गई। कुछ देर बाद एक युवक ने आकर बीच-बचाव किया तब जाकर महिला धमकाते हुए कार लेकर निकल गई।
बाद में छात्रा की बड़ी बहन सोनम मौके पर पहुंची और उसे लेकर कोतवाली थाने गई। थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने बताया कि छात्रा शिकायत लेकर आई थी। आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कार पर मप्र शासन लिखा होने से महिला की पहचान की जा रही है कि वह किसी अधिकारी की पत्नी है या शासकीय वाहन का निजी उपयोग कर रही थी। आसपास खड़े लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा है कि मप्र शासन लिखी कार से इस तरह खुलेआम गुंडागर्दी कैसे की जा सकती है?
लोगों का कहना था कि क्या सरकारी टैग से किसी को भी पीटने का लाइसेंस मिल जाता है? वहीं पीड़ित छात्रा का कहना है मेरी स्कूटी कार से टच भी नहीं हुई थी। उन्होंने अचानक आगे गाड़ी लगाकर गाली देना शुरू कर दिया और मारने लगीं।