
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जैसे ही दीप्ति शर्मा की गेंद पर दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाज डीक्लार्क का शॉट भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के हाथों में समाया, वैसे ही पूरा भोपाल खुशी से झूम उठा। शहर में 12 दिन बाद एक बार फिर दीपावली मनाई गई।
जीत के साथ जश्न की शुरुआत
महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत के साथ ही जश्न की शुरुआत हो गई। सड़कों से लेकर छतों तक लोग पटाखे और आतिशबाजी से खुशी जाहिर करते नजर आए। रात का आसमान आतिशबाजी से जगमगा उठा और चारों ओर से पटाखों की गूंज सुनाई दी। यह उत्सव का माहौल देर रात तक जारी रहा।
पूरे शहर ने इस ऐतिहासिक जीत को गर्व और जोश के साथ मनाया। भारतीय महिला टीम तीसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंची थी, लेकिन इस बार उन्होंने पहली बार वनडे खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।
भोपालवासियों ने जलाए थे दीप
दो दिन पहले जेमिमा रोड्रिग्स ने सेमीफाइनल में शानदार शतक जड़कर गत विजेता ऑस्ट्रेलिया को हराया था। उसी पल से भोपालवासियों ने उम्मीदों के दीप जला लिए थे और खिताबी जीत पर जश्न की तैयारी कर ली थी, जो रविवार रात टीम की जीत के साथ चरम पर पहुंच गई।