Bhopal Women's Asian Champions Trophy: भारत की नजर चौथे खिताब पर, आज मलेशिया से मुकाबला
Bhopal Women's Asian Champions Trophy: भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित नवनिर्मित हाकी स्टेडियम में गुरुवार से महिला एशियन चैंपियंस ट्राफी हॉकी टूर्नामेंट शुरू होगा। भारत की नजर लगातार तीसरी ट्रॉफी जीतने पर रहेगी।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 08:18:20 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 08:29:30 AM (IST)
टूर्नामेंट से पूर्व अभ्यास करते हुए महिला हॉकी खिलाड़ी। नईदुनिया।HighLights
- भारत का पहला मुकाबला आज मलेशिया से
- चीन और जापान से मिलेगी चुनौती
- 2026 में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित नवनिर्मित हाकी स्टेडियम में गुरुवार से महिला एशियन चैंपियंस ट्राफी हॉकी टूर्नामेंट शुरू होगा। भारत की निगाहें लगातार तीसरी ट्राफी जीत खिताब की हैटट्रिक और कुल चौथा खिताब जीतने पर होंगी। भारत टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज गुरुवार से ही मलेशिया के विरुद्ध करेगा।
भारतीय ने गत दो एशियन चैंपियसं ट्राफी में रांची और राजगीर में जीती थी। प्रतियोगिता में भारत के अलावा के अलावा चीन, जापान, कोरिया, मलेशिया और थाइलैंड की टीम टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं।
आत्मविश्वास से भरीं हैं सभी टीमें
बुधवार शाम सभी छह टीमों की कप्तानों ने मीडिया से बातचीत में भारत को खिताब का प्रबल दावेदार बताया। भारतीय टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने भी कहा कि हमारी तैयारी शानदार है, खिलाड़ियों में जीत का जोश बरकरार है। सलीमा ने कहा कि टीम में युवा और सीनियर खिलाड़ियों का अच्छा तालमेल है।
एशियन गेम्स के बाद बेंगलुरु में टीम का कैंप लगा था और भोपाल में भी अच्छी तैयारी की है। हालांकि सलीमा ने यह भी कहा कि चीन हमें सबसे बड़ी चुनौती हो सकता है। उसकी टीम युवा है और वरीयता में भी हमसे आगे है।
जापान और कोरिया की टीमें भी दावेदार
जापान और कोरिया की टीमें भी मजबूत हैं, लेकिन भारतीय टीम को अपनी क्षमता पर भरोसा है। वहीं चीन की कप्तान वेई किशीओ ने कहा कि उनकी टीम चैंपियंस ट्राफी में अब तक विजेता नहीं बनी, लेकिन इस बार जीत के इरादे से आई है। मलेशिया के बाद भारत 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से खेलेगा। सेमीफाइनल 27 नवंबर और पदक के मुकाबले 28 को होंगे।
आज के मुकाबले
- चीन वि. थाईलैंड, दोपहर 12:05 बजे
- जापान वि. कोरिया, दोपहर 2:00 बजे
- भारत वि. मलेशिया, शाम 4:35 बजे
उपलब्धियों भरा रहा वर्ष 2026
वर्ष 2026 भारतीय टीम के लिए उपलब्धियों भरा रहा है। हैदराबाद में एफआईएच महिला हाकी विश्व कप क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम ने विश्व कप के लिए जगह बनाई। न्यूजीलैंड के आकलैंड में एफआईएच महिला नेशंस कप के सभी पांच मुकाबले जीतकर खिताब अपने नाम किया और एफआईएच प्रो लीग में प्रवेश पाया। बेल्जियम में हुए विश्व कप में भी टीम पांचवें स्थान पर रही।
1974 के बाद विश्व कप में यह भारतीय महिला हॉकी टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। इसके बाद जापान में एशियन गेम्स में भारत ने 44 साल का इंतजार खत्म कर स्वर्ण पदक जीता।
भारतीय टीम के मुख्य कोच श्योर्ड मारिन खिलाड़ियों को अलग-अलग पोजिशन पर आजमाना चाहते हैं। बताया कि इससे टीम के विकल्प बढ़ेंगे और किसी खिलाड़ी के चोटिल होने पर दूसरा खिलाड़ी जिम्मेदारी संभाल सकेगा।