
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजा भोज एयरपोर्ट से मंगलवार को दिल्ली जाने वाली इंडिगो की दोपहर की उड़ान में तकनीकी खराबी के कारण निरस्त कर दी गई। उड़ान निरस्त होने से करीब 180 यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इनमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल थे। उन्हें भी अपनी यात्रा के लिए दूसरी उड़ान से रवाना होना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, भोपाल से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की निर्धारित उड़ान में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद विमान का संचालन नहीं किया जा सका। इसके चलते एयरलाइंस को उड़ान निरस्त करने का निर्णय लेना पड़ा। अचानक उड़ान निरस्त होने से एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ा।
उड़ान निरस्त होने के बाद यात्रियों को राहत देने के लिए कुछ यात्रियों को टिकट का रिफंड दिया गया, जबकि शेष यात्रियों को दूसरी उड़ानों के माध्यम से दिल्ली भेजने की व्यवस्था की गई। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों का सहारा लिया गया।
यह भी पढ़ें- एमपी नगरीय निकायों में सामग्री खरीदी पर बोले सीएम मोहन यादव, कहा- भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं, कड़ी कार्रवाई होगी
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इंडिगो की इसी उड़ान से दिल्ली जाने वाले थे। विमान में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान निरस्त होने के बाद उन्हें भी दूसरी उड़ान से रवाना होना पड़. एयरपोर्ट डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी ने उड़ान निरस्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान में तकनीकी खराबी के कारण यह निर्णय लिया गया। विमान की तकनीकी स्थिति को देखते हुए उड़ान संचालित नहीं की गई।