भोपाल में राजस्थान, UP और MP की बसों पर एक्शन; 4 पर 1.53 लाख जुर्माना लगाया
परिवहन विभाग के क्षेत्रीय स्क्वैड ने लालघाटी और आईएसबीटी बस स्टैंड पर शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक यात्री बसों की जांच की गई।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 12:08:45 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 12:08:45 PM (IST)
आईएसबीटी बस स्टैंड पर बसों की जांच करता आरटीओ का अमला। सौ-विभाग। HighLights
- लालघाटी और आईएसबीटी बस स्टैंड पर चेकिंग
- शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक यात्री बसों की जांच की
- नियमों के उल्लंघन पर 4 बसों पर 1.53 लाख रुपये जुर्माना
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने रात के समय बसों की जांच के लिए सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में बुधवार को क्षेत्रीय परिवहन स्क्वैड ने लालघाटी और आईएसबीटी बस स्टैंड पर शाम छह बजे से रात 12 बजे तक चेकिंग अभियान चलाया। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर प्राची शर्मा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान आने-जाने वाली यात्री बसों को रोककर उनके दस्तावेज और सुरक्षा इंतजामों की जांच की गई।
अभियान में बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी), अग्निशमन उपकरण सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर चार बसों पर कुल एक लाख 53 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
तीन बसें जब्त
इनमें राजस्थान के नंबर वाली आरजे09पीए5754, मध्यप्रदेश की एमपी33पी3586, उत्तर प्रदेश की यूपी78एमएन5008 और एमपी09बीटी9990 शामिल हैं। वहीं, परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने पर 3 बसों को जब्त किया गया।
इनमें एमपी41जेडएन9977, एमपी44जेडडी9918 और एमपी04पीए5137 शामिल हैं। जब्त बसों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जारी रहेगी कार्रवाई
परिवहन विभाग के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। खासतौर पर रात में लंबी दूरी की यात्रा करने वाली बसों की जांच पर ध्यान दिया जाएगा।