
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रोजगार का झांसा देकर हिंदू युवतियों का यौन शोषण कराने और मतांतरण का दबाव बनाने वाला गिरोह भोपाल से लेकर अहमदाबाद तक सक्रिय था। यह नेटवर्क मुस्लिम युवतियों द्वारा संचालित किया जा रहा था।
किराये के फ्लैट से अंतरराज्यीय नेटवर्क चलाया जा रहा था
पड़ताल के लिए अहमदाबाद पहुंची भोपाल पुलिस को पता चला कि वहां छह-सात स्पा सेंटरों से साठगांठ कर जुहापुरा क्षेत्र के एक किराये के फ्लैट से अंतरराज्यीय नेटवर्क चलाया जा रहा था। गिरोह की मुखिया अमरीन खान ने अहमदाबाद में अपने मंगेतर यासिर को संचालन की जिम्मेदारी सौंप रखी थी, जबकि वह भोपाल में अपने मतांतरित प्रेमी चंदन यादव, बहन आफरीन खान और अन्य सहयोगियों के साथ नेटवर्क संभालती थी।
जांच में सामने आया कि भोपाल में युवतियों को रोजगार दिलाने के नाम पर फंसाया जाता था। स्पा सेंटर में काम और वेलनेस ट्रेनिंग का झांसा देकर उन्हें जोड़ा जाता और बाद में यौन शोषण कराया जाता। इसके बाद कुछ युवतियों को अहमदाबाद भेजा जाता, जहां जुहापुरा स्थित फ्लैट और स्पा सेंटरों के माध्यम से जबरन देह व्यापार में धकेला जाता था।
पुलिस ने क्या कहा
पुलिस के अनुसार, अमरीन ने अहमदाबाद के कई स्पा सेंटरों से संपर्क की बात स्वीकार की है। कुछ संचालक सीधे तौर पर इस नेटवर्क से जुड़े थे और ग्राहकों को फ्लैट का लोकेशन साझा करते थे। हाई-प्रोफाइल ग्राहकों की सूची तैयार कर युवतियों को उनसे संपर्क कराया जाता था।
मामले में वांछित छह आरोपितों में से अमरीन, आफरीन और चंदन को गिरफ्तार किया गया है। दुष्कर्म के आरोपित यासिर, बिलाल और चानू फरार हैं। पुलिस ने संकेत दिया है कि मामले में देह व्यापार से संबंधित धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।