
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में बीते लगभग पौने तीन वर्ष में 12 लाख करोड़ का निवेश जमीन पर उतरा है। उद्योग वर्ष के माध्यम से जहां वर्ष 2025 में युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार दिया गया, तो वर्ष 2026 में किसान कल्याण वर्ष में कृषि क्षेत्र का विकास हुआ है। लघु, मध्यम और सूक्ष्म उद्योगों को रविवार को ही 490 करोड़ रुपये की राशि सब्सिडी के रूप में दी गई है। कृषि की विकास दर 24 प्रतिशत से अधिक है। किसानों से विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि लेने पर चार गुना राशि देने का निर्णय लिया गया। दुग्ध उत्पादन में प्रदेश को देश में तीसरे से प्रथम स्थान पर लाएंगे।
मुख्यमंत्री रविवार को भोपाल के लाल परेड मैदान में मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश उद्योग, रोजगार, कृषि, दुग्ध उत्पादन, पर्यटन और विरासत के संरक्षण में सभी प्रदेशों से आगे है। आने वाले समय में इन उपलब्धियों का विस्तार होगा।
युवा वर्ष के पहले ही माह में 15 जनवरी को भोपाल सेना दिवस की आकर्षक गतिविधियों का साक्षी बनेगा। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी आएंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयास से धार जिले में पीएम मित्रा पार्क, बीना रिफाइनरी की विस्तार परियोजना, केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल अंतरराज्यीय नदी जोड़ो परियोजनाएं, मोहासा-बाबई रिन्यूएबल एनर्जी एंड पावर इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग जोन की स्वीकृति महत्वपूर्ण हैं। अन्य क्षेत्रों में भी प्रदेश में निवेश बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें- एमपी के स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, कहा- मध्य प्रदेश से मेरा आत्मीय जुड़ाव
कार्यक्रम में किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज और भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। क्विज में पूरे प्रदेश से 165 विजेताओं को पुरस्कार के लिए चुना गया है। प्रत्येक जिले से तीन विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में बुलेट मोटरसाइकिल एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में ई-स्कूटर दिए गए। पुरस्कार वितरण के लिए जिलों में भी आयोजन हुए।
वहीं, प्रदेश के 102 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को ‘भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति’ के अंतर्गत एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।