
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर पत्र भेजकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। मोदी ने अपने संदेश में राज्य सरकार के 'किसान कल्याण वर्ष', प्रदेश में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की है। उन्होंने राज्य की प्राकृतिक संपदा, जनजातीय चेतना और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को भी सराहा है।
मोदी ने अपने संदेश में कहा कि मध्य प्रदेश से मेरा आत्मीय जुड़ाव रहा है। संगठन के दिनों में मुझे यहां के अनेक क्षेत्रों में जाने तथा कार्यकर्ताओं व नागरिकों के बीच समय बिताने का अवसर मिला। उन्होंने भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशाभाऊ ठाकरे, भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और राजमाता विजयाराजे सिंधिया जैसी विभूतियों के योगदान को भी स्मरण किया है। इसके साथ ही बुंदेलखंड क्षेत्र की 'केन-बेतवा लिंक परियोजना' का विशेष उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी का यह संदेश रविवार को 'एक्स' पर पोस्ट करके उनका आभार जताया। मुख्यमंत्री ने लिखा है कि मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्य की गौरवशाली विरासत और विकास यात्रा के प्रति प्रधानमंत्री मोदी के आत्मीय भाव हम सभी प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विकसित भारत @2047 के विजन के अनुसार हमारी सरकार एक विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश बनाने की दिशा में संकल्प के साथ काम कर रही है।
यह भी पढ़ें- पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले पति को उम्रकैद, कोर्ट में बयान से मुकरी बेटी, DNA रिपोर्ट ने पहुंचाया जेल
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा- "मुझे विश्वास है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार 'विकास भी, विरासत भी' के मूलमंत्र पर चलते हुए 'विकसित भारत' के सपने को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगी।"
पीएम किसान सम्मान निधि, भावांतर भुगतान योजना, भोपाल-इंदौर मेट्रो, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीएम आवास, पीएम जनमन योजना, आयुष्मान भारत योजना, धार जिले के पीएम मित्रा पार्क, चीता प्रोजेक्ट का भी उल्लेख कर मोदी ने इन कार्यों के लिए राज्य सरकार की सराहना की।